जा रहे हैं मदिया कटरा की तरफ तो बदल लें अपना इरादा, फंस सकते हैं परेशानी में Agra News
मदिया कटरा तिराहा पर लाइन की मरम्मत शुरू होने से रोके गए चार पहिया वाहन। 15 की रात तक होगा कार्य। बढ़ सकती है पेयजल किल्लत।
आगरा, जागरण संवाददाता। मदिया कटरा तिराहे पर टी पॉइंट बदलने का काम शुरू हो गया है। जिसके चलते चार पहिया वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। बताया जा रहा है कि देर शाम तक ट्रैफिक को रोका जाएगा फिर खोल दिया जाएगा। तिराहे पर 750 एमए की पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य रविवार देर रात तक चलेगा। इसके चलते सिकंदरा के दोनों वाटर वर्क्स को बंद कर दिया गया है।
शनिवार सुबह मदिया कटरा 750 एमएम की पाइप लाइन की मरम्मत के कार्य के चलते चार पहिया वाहनों का अावागमन सुबह से रोक दिया गया। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालाकि दोपहिया वाहनों को निकलने की अनुमति दी गई है। बता दें कि शुक्रवार को बारिश के चलते मदिया कटरा तिराहे पर पानी की लाइन की मरम्मत का कार्य देरी से शुरू हुआ था। कार्य शुरू होने से पांच मिनट पूर्व सिकंदरा के दोनों वाटरवर्क्स को बंद कर दिया गया। इससे अब आधे शहर में 15 दिसंबर की रात तक जलापूर्ति नहीं होगी। 16 दिसंबर की सुबह से जलापूर्ति शुरू होगी। उधर, शनिवार शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट खड़ा हो गया। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जल संस्थान की टीम टैंकरों से पानी की आपूर्ति कर रही हैं।
मदिया कटरा तिराहा से होकर 65 साल पुरानी 750 एमएम की पाइप लाइन गुजरी है। एक साल पूर्व लाइन के टी प्वाइंट में लीकेज हो गया। किसी तरीके से लीकेज की मरम्मत की गई लेकिन पिछले दिनों फिर से उसी स्थल पर लीकेज हो गया। शुक्रवार सुबह 11 बजे से लाइन की मरम्मत शुरू होनी थी लेकिन बारिश के चलते यह कार्य पांच घंटे की देरी से शुरू किया गया। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए जल संस्थान की टीम ने सुबह से जलापूर्ति शुरू कर दी। यह जलापूर्ति दोपहर साढ़े तीन बजे तक की गई फिर सिकंदरा के दोनों वाटरवक्र्स (144-144 एमएलडी के) को बंद किया गया। जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि सिकंदरा के दोनों वाटरवक्र्स बंद होने से 1.30 लाख आबादी प्रभावित हो रही है। शनिवार को संबंधित क्षेत्रों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जा रही है। पानी जीवनी मंडी वाटरवक्र्स से लिया जा रहा है।
पंप सेट लगाकर लाइन से निकाला पानी
मदिया कटरा तिराहा की पाइप लाइन में पंपसेट लगाकर पानी निकाला गया। पानी निकलाने का काम चार घंटे तक चला। फिर जेसीबी से लाइन की खोदाई चालू हुई। यह कार्य देर रात तक चला।
इन क्षेत्रों में नहीं आया पानी
सिकंदरा, बोदला, शाहगंज, केदारनगर, आवास विकास के सभी सेक्टर, गढ़ी भदौरिया, लोहामंडी, मदिया कटरा रोड, तोता का ताल, खंदारी, संजय प्लेस, बाग फरजाना, चर्च रोड व उसके आसपास, लायर्स कॉलोनी व उसके आसपास।
कंट्रोल रूम का नंबर
8192095401
टैंकरों को दिए हैं पानी की आपूर्ति के आदेश
मदिया कटरा तिराहा पर लीकेज के चलते 15 दिसंबर तक आधे शहर में जलापूर्ति नहीं होगी। टैंकरों से पानी की आपूर्ति के आदेश दिए गए हैं।
नवीन जैन, मेयर