बंद घरों को बनाते थे निशाना, पुलिस के हत्थे चढ़े तो एक-एक कर कुबूली कई वारदातें Agra News
तीन चोर और गहने खरीदने वाला सर्राफ भी पुलिस ने किया गिरफ्तार। रिटायर्ड कृषि वैज्ञानिक के घर समेत कई अन्य घटनाओं को कुबूला।
आगरा, जागरण संवाददाता। बंद घरों के ताले तोड़कर चोर गहने और नकदी पार कर लेते थे। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार को गिरफ्तार कर चार घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया। गिरफ्तार शातिरों में चोरी का माल खरीदने वाला सर्राफ भी शामिल है।
एत्माद्दौला क्षेत्र में बंद घरों में पिछले दिनों में कई चोरी की घटनाएं हुईं। ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस टू में 21 फरवरी की रात को रिटायर्ड कृषि वैज्ञानिक जीआर सिंह के घर से चोर 15 तोले सोने के गहने और 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। पुलिस तभी से चोरों की तलाश में लगी थी। गुरुवार रात को पुलिस ने शाहदरा चुंगी के पास से टेढ़ी बगिया निवासी राजू उर्फ जैड, उजरई निवासी बंटी जाट, सिकंदरा निवासी हरीश और नरायच के सती नगर निवासी राकेश को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि शातिर रेकी के बाद चोरी करते थे। जो घर बंद मिलते थे, उनके ताले तोड़कर गहने और नकदी पार कर ले जाते थे। चोरी के जेवरातों को सर्राफ राकेश सस्ती कीमत पर खरीद लेता था। रिटायर्ड कृषि वैज्ञानिक जीआर सिंह के यहां से चोरी किए गहनों में से कुछ गहने और गहने बेचकर रखी रकम में से 3.80 लाख रुपये भी बरामद कर लिए। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि तीन चोरों के साथ सर्राफ राकेश को भी गिरफ्तार किया गया है। उसने सस्ते दामों में चोरों से गहने खरीदकर नमक की मंडी में एक सर्राफ को बेचे थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर एत्माद्दौला उदयवीर सिंह मलिक, एसआइ राहुल कुमार, एसआइ अवधेश कुमार, एसआइ विकास राणा, एसआइ सोनू राणा, एसआइ राजकुमार शामिल रहे।
ये घटनाएं भी खुलीं
- ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस टू में रमेश चंद्र के घर के ताले तोड़कर पांच हजार रुपये और एक जोड़ी पायल चोरी हुई थी।
- एत्माद्दौला के शांता कुंज कॉलोनी में दिनेश के घर से 12 हजार रुपये और दो जोड़ी पायल चोरी की।
- ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी विष्णु मिश्रा के घर से चोरी।
- ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी बृजेश के घर से पचास हजार रुपये और सोने व चांदी के गहने चोरी किए गए।
लंबा है अपराधिक इतिहास
गिरोह के सरगना राजू उर्फ जैड के खिलाफ एत्माद्दौला थाने में ही 23 मुकदमे हैं। उसके साथी बंटी जाट के खिलाफ नौ और हरीश के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज हैं।