आगरा में चुनावी लड़ाका उतारने को प्रसपा में चल रहा मंथन, मांगे जा रहे आवेदन
फतेहपुर सीकरी से मनीषा सिंह ने की दावेदारी। आगरा लोकसभा से सामने नहीं आया अभी नाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) लोकसभा चुनाव के लिए ताजनगरी में सियासी योद्धाओं की तलाश कर रही है। लड़ाकों से आवेदन मांगे गए हैं। फिलहाल फतेहपुरसीकरी से चुनावी समर में ताल ठोंकने को एक आवेदन हुआ है।
शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने जनवरी के अंत तक आगरा और फतेहपुरसीकरी लोकसभा से चुनाव लडऩे के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे हैं। अभी तक केवल फतेहपुरसीकरी से मनीषा सिंह ने आवेदन किया है। मनीषा सिंह सामाजिक संगठनों से जुड़ी हैं। हालांकि कोई दूसरा आवेदन नहीं हुआ है। आगरा लोकसभा से भी कोई आवेदन नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कुछ बड़े नाम सामने आ सकते हैं। सपा-बसपा गठबंधन के लिए शिवपाल यादव की पार्टी मुश्किल खड़ी कर सकती है। प्रसपा के ज्यादातर पदाधिकारी और कार्यकर्ता सपा से ही आए हैं। ऐसे में इससे सपा के ही वोट बैंक में सेंध लगने की आशंका जताई जा रही है। सपा जिलाध्यक्ष यशपाल राणा ने बताया कि जनवरी के अंत तक आवेदन मांगे गए हैं। अभी कुछ और नाम आएंगे।
गुटबाजी से बढ़ेगी मुश्किल
प्रसपा के युवा नेताओं में गुटबाजी भी है। बीते दिनों शिवपाल यादव के शहर में आगमन में युवा नेताओं के दो गुटों में मारपीट हुई। फिर एफआइआर तक दर्ज हुई। ऐसे में ये गुटबाजी भी पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है।