आगरा, जेएनएन। 100 करोड़ रुपये की लागत से बरसाना में बनाया गया कीर्ति मंदिर जितना भव्य है। उतनी ही भव्यता के साथ उसका लोकार्पण समारोह हुआ। पांच दिवसीय समारोह के अंतिम दिन मंगलवार को रक्तदान किया गया और पालकी यात्रा निकाली गई।
जगद्गुरु कृपालु महाराज की पालकी यात्रा भी निकाली गई। इस दौरान हजारों अनुयायियों द्वारा कृपालु जी महाराज की मूर्ति को पालकी में बैठाकर कीर्ति मंदिर ले जाया गया। नवनिर्मित कीर्ति मंदिर के पांच दिवसीय लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देश विदेश के हजारों अनुयायी रंगीली महल आश्रम में आए थे। इस दौरान हजारों अनुयायी द्वारा कृपालु महाराज की मूर्ति को पालकी में बैठाकर शोभायात्रा निकाली। कार्यक्रम के समापन में बोलते हुए कृपालु महाराज की ज्येष्ठ पुत्री डॉ विशाखा त्रिपाठी ने कहा कि आज महाराजश्री के आर्शीवाद से कीर्ति मंदिर का सपना साकार हुआ है। भले ही आज महाराजश्री हमारे बीच में नहीं रहे लेकिन अपने भक्तों के दिल में आज भी मौजूद हैं। इस मौके पर कृपालु जी महाराज की पुत्री डॉ श्यामा त्रिपाठी, डॉ कृष्णा त्रिपाठी, पुत्र घनश्याम त्रिपाठी, बालकृष्ण त्रिपाठी, रंगीली महल के सचिव नितिन गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी अजय त्रिपाठी, अरङ्क्षवद पटेल आदि मौजूद थे।
वहीं रंगीली महल आश्रम में जगद्गुरु कृपालु चिकित्सालय बरसाना और जिला अस्पताल मथुरा द्वारा रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कृपालु जी महाराज के 600 अनुयायियों ने रक्त दान के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया। जिसमें 550 अनुयायियों का रक्त लिया गया।
ब्रज के श्रीमहंतों का अभिनंदन 14 को
नव निर्मित कीर्ति मन्दिर के लोकार्पण मौके पर 14 फरवरी को ब्रज मण्डल के श्री महंतों का अभिनंदन कार्यक्रम रंगीली महल आश्रम में किया जाएगा। रंगीली महल के सचिव नितिन गुप्ता ने बताया कि बरसाना, गोवर्धन, कांमा व नंदगांव के करीब दो सौ महंतों को निमंत्रण भेजा गया है। ब्रज के विरक्त संत रमेश बाबा भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।