ISBT पर भी बनेगा फ्लाईओवर, जानिए कब से शुरू होने जा रहा है काम Agra News
एनएचएआइ मथुरा खंड ने शुरू की तैयारी लगेंगे डेढ़ साल।फ्लाईओवर के निर्माण में खर्च होंगे तीस करोड़ रुपये।
आगरा, जागरण संवाददाता। नेशनल हाईवे-19 स्थित आइएसबीटी फ्लाईओवर का निर्माण जनवरी 2020 से शुरू होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा खंड ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आइएसबीटी के समीप मशीनों का पहुंचना शुरू हो जाएगा।
आइएसबीटी के समीप अक्सर जाम लगता है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हर माह दुर्घटनाएं होती हैं। एक साल पूर्व एनएचएआइ मथुरा खंड ने फ्लाईओवर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था। इसे सड़क परिवहन मंत्रालय को भेज दिया गया। तीन माह पूर्व इसकी अनुमति मिली। डेढ़ साल में बनने वाले फ्लाईओवर के निर्माण पर तीस करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे जाम की समस्या खत्म हो जाएगी।
धीमी हो जाएगी ट्रैफिक की रफ्तार
फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होने से नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाएगी। ट्रैफिक को सर्विस रोड से होकर गुजारा जाएगा।
पुलिया के निर्माण के चलते कट किया बंद
आसाराम पब्लिक स्कूल के सामने का कट शनिवार सुबह बंद कर दिया गया। इससे दो और चार पहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। बेस्ट प्राइस के सामने से होकर हाईवे (रुनकता से सिकंदरा) की ओर अब नहीं जा सकेंगे। बल्कि रांग साइड से चलना पड़ेगा।
- जनवरी से आइएसबीटी फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। जल्द मशीनें पहुंचाई जा रही हैं।
मोहम्मद सफी, परियोजना निदेशक एनएचएआइ मथुरा खंड