बांकेबिहारी मंदिर में खतरा बन सकते हैं फूलबंगला, जानिए क्या है आखिर इसकी वजह
प्रबंधक ने प्रशासक को भेजी आख्या। सोमवार को सेवायतों संग होगी बैठक।
आगरा, जेएनएन। ठा. बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक ने प्रशासक को आख्या दी है कि करीब डेढ़ सौ साल पुराने मंदिर के अहाते के छज्जे जर्जर हो चुके हैं। इन छज्जों पर कई कुंतल फूलों की सीलिंग सजाई जा रही है। ये फूलबंगला कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं।
अपने आराध्य को गर्मी से राहत देने के लिए श्रद्धालु फूलबंगला सजवाते हैं। एक फूलबंगला में औसतन करीब पांच कुंतल फूलों का उपयोग होता है। फूलों की ताजगी बनाए रखने के लिए इनमें पानी भी छिड़का जाता है। इससे इनका वजन और बढ़ जाता है। इन फूलों की सीलिंग को मंदिर के छज्जे पर लगाया जाता है। पिछले साल तक ये फूलबंगला केवल शाम को ही सजाए जाते थे, मगर इस वर्ष से सुबह भी सजाए जाते हैं। फूलबंगला दर्शन को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा ने प्रशासन को आख्या दी है कि मंदिर के अहाते में छज्जे जर्जर हो गए हैं। टाइल्स उखडऩे लगी हैं। इतने वजनी फूलबंगला से छज्जे के पत्थर कभी भी टूटकर गिर सकते हैं। इससे गंभीर हादसा होने की आशंका है। प्रबंधक ने बताया कि इस संबंध में 28 अप्रैल को मंदिर प्रशासक के साथ सेवायतों की बैठक बुलाई गई है।