Diwali Special: इमल्शन में फ्लोरोसेंट, ऑयल पेंट में ब्राउन कलर की डिमांड Agra News
दीवाली से पहले बढ़ी पेंट बाजार की चमक। इस बार डिस्टेंपर को छोड़ इमल्शन पेंट की बड़ी मांग।
आगरा, जागरण संवाददाता। दीपावली पर घर को नया लुक देने के लिए इस बार लोगों ने अपनी सोच बदली है। सालों से चले आ रहे चूना और डिस्टेंपर से आगे निकलते हुए इमल्शन (प्लास्टिक पेंट) से अपने घर की दीवारों का चमका रहे हैं। किस दीवार पर कौन से रंग फबेगा, इसके लिए इंटीरियर डिजायनर तक की सलाह ली जा रही है। एक बार रंग होने के बाद में पछताना न पड़े इसलिए इस बार कंपनियों की ओर से भी ग्राहकों कैटलॉग की सुविधा दी गई है। इससे ग्राहकों को रंग पसंद करने में मदद मिल रही है।
मध्यम वर्ग ने प्लास्टिक पेंट को अपनाया
पहले दीवाली पर रंगाई-पुताई में मध्यम वर्गीय परिवार चूना और डिस्टेंपर को ही पसंद करता था, लेकिन इस बार मध्यम वर्गीय परिवार ने भी इमल्शन की तरफ रुख किया है। इसका कारण है कि डिस्टेंपर और इमल्शन का खर्चा लगभग बराबर पड़ता है। वहीं इमल्शन से दीवारें ज्यादा चमकती हैं। यह टिकाऊ भी ज्यादा होता है। पहले लोग सिंपल कलर कराना पसंद करते थे, मगर अब हर कमरे के लिए अलग प्लानिंग होती है। घर को रिच लुक देने के लिए इमल्शन (प्लास्टिक) पेंट को ज्यादा पसंद किया जा रहा है।
इस बार फ्लोरोसेंट कलर की डिमांड
पेंट कारोबारी अमित गोयल ने बताया कि ट्रेंड बदला है। रंगों को लेकर भी लोगों की सोच में बदलाव दिखा। इस बार दीवारों के लिए चटकीले और हाईलाइट वाले फ्लोरोसेंट कलर को पसंद किया गया है। वहीं दरवाजों के लिए ऑयल पेंट में इस बार ब्राउन और व्हाइट कलर की डिमांड रही है।
यह है रेट
इमल्शन सिंपल - 140 रुपये प्रति लीटर
प्रीमियम इमल्शन - 270 रुपये प्रति लीटर
लग्जरी इमल्शन - 450 रुपये प्रति लीटर
डिस्टेंपर - 60 रुपये किलो
दरवाजे का ब्रश - 60 रुपये
दीवारों के लिए ब्रश - 100 से 150 रुपये
तारपीन का तेल - 80 रुपये एक बोतल
पेंट के साथ पुताई का भी ठेका
अच्छा पेंट लेने के बाद उसे करने वाले पेंटर की तलाश होती है। ऐसे में उच्च वर्गीय लोग इस काम के लिए इंटीरियर डिजायनर की मदद लेते हैं। कुछ लोग पेंट विक्रेता को ही कलर करवाने का ठेका दे रहे हैं। बाजार में 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से पेंटर भी मिल रहे हैं।
शेड कार्ड हुआ आउट
जब आप दुकान पर कलर लेने जाते थे तो शेड कार्ड देखकर कमरे के हिसाब से रंग पसंद करना बहुत मुश्किल होता था, लेकिन अब कलर कंपनियों ने लोगों की मुश्किल को आसान किया है। उन्होंने हर कलर का कमरे पर रंग का कैटलॉग जारी किया है। इस कैटलॉग को देखकर अपनी पसंद का रंग पसंद कर सकते हैं।
20 लाख लीटर पेंट की खपत
आगरा पेंट डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल ने बताया कि इस बार पेंट के दाम में पिछले साल की तुलना में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। आगरा में 300 पेंट विक्रेता है। दीवाली पर ही करीब 20 लाख लीटर पेंट की आगरा में खपत होती है। आगरा मंडल में करीब 240 से 250 करोड़ रुपये का पेंट की बिक्री का अनुमान है।