Good News: नये साल का तोहफा, आगरा से बेंगलुरू बस ढाई घंटे में Agra News
पांच मार्च से इंडिगो आगरा से भरेगा बेंगलुरु की उड़ान। इंडिगो के 43वें डॉमेस्टिक फ्लाइट डेस्टिनेशन में शामिल हुई ताजनगरी।
आगरा, संजीव जैन। इंडिगो पांच मार्च से आगरा से बेंगलुरू के लिए उड़ान शुरू कर देगा। इसी के साथ उसके नाम 63वां डॉमेस्टिक फ्लाइट डेस्टिनेशन जुड़ जाएगा। होगी। इंडिगो के समग्र ऑपरेशन की दृष्टि से यह 86 फ्लाइट डेस्टिनेशन होगा। इंडिगो यह फ्लाइट केंद्र सरकार की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत शुरू कर रहा है।
पांच मार्च से आगरा-बेंगलुरु एयर रूट पर यह फ्लाइट दैनिक नॉन स्टॉप आधार पर संचालित होगी। 29 मार्च से आगरा से भोपाल के लिए भी उड़ान शुरू होगी। एयरपोर्ट निदेशक कुसुम दास व इंडिगो के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी विलियम बौल्टर के मुताबिक एयरलाइन पहले से ही इलाहाबाद, गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी के लिए उड़ानें संचालित कर रही है। 250 से अधिक विमानों के अपने बेड़े के साथ, एयरलाइन 1,500 दैनिक उड़ानें प्रदान करती है, जो 62 घरेलू स्थलों और 23 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ती है। अब आगरा को केंद्र सरकार की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत 63 वें घरेलू और 86 वें समग्र गंतव्य के रूप में चुना गया है। आगरा इंडिगो द्वारा जोड़ा जाने वाला उप्र का पांचवा शहर होगा। इस फ्लाइट से क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उड़ान की समयसारिणी और किराया
उड़ान संख्या 6ई 5916 बेंगलुरु से सुबह 11.35 बजे रवाना होगी और दोपहर 2.10 बजे आगरा पहुंचेगी। फ्लाइट संख्या 6ई 5917 दोपहर 2.40 बजे आगरा से रवाना होगी और 5.05 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। दोनों उड़ानों का किराया क्रमश: 3,987 रुपये है।
संसद में हुई थी घोषणा
आगरा से बेंगलुरु, मुंबई समेत सात शहरों के लिए सीधी उड़ान की घोषणा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने संसद में की थी। फिलहाल आगरा में केवल दो फ्लाइट ही चल रही हैं। ये खजुराहो और जयपुर के लिए हैं। सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने संसद में एयर कनेक्टिविटी न होने से आगरा के पिछड़ने का मुद्दा उठाया। बिल फॉर प्रेसीडेंट इन पासिंग डे एयरपोर्ट इकॉनिमिकल रेगूलेटरी एक्ट पर आगरा का पक्ष रखते हुए सांसद ने कहा था कि 1972 में आगरा से खजुराहो, वाराणसी होते हुए नेपाल के लिए उड़ान थी। तब से अब तक कोई नया रूट नहीं जुड़ा है।
20 हजार बच्चों को मिलेगा लाभ
आगरा के 20 हजार से ज्यादा बच्चे कोटा, बंगलूरू, पुणो जैसे शहरों में पढ़ रहे हैं, जिनके लिए यह उड़ानें जरूरी हैं। एफमेक अध्यक्ष पूरन डाबर व कांउसिल उपाध्यक्ष नजीर अहमद की माने तो अगर ये उड़ानें चलने लगती हैं तो आगरा की अर्थव्यवस्था और पर्यटन का चेहरा ही बदल जाएगा। गुवाहाटी और कोलकाता से कनेक्टिविटी की जरूरत है। चेन्नई, गोवा, अहमदाबाद जैसे शहरों से भी उड़ान होनी चाहिए। इससे फुटवियर, कपड़ा और पर्यटन, तीनों ही उद्योगों से जुड़े लोगों को फायदा पहुंचेगा। दक्षिण भारत और देश की आर्थिक राजधानी से सीधे संपर्क होने से ताजमहल पर सैलानियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा होने की उम्मीद है, वहीं आगरा के लोगों के लिए भी कारोबारी सिलसिले से इन शहरों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।