दिनदहाड़े मैनपुरी में फहराया तमंचा, दागी मां बेटियों पर गोलियां
गोली मारकर महिला की हत्या बेटी गंभीर। खेत में बेटियों के साथ निराई कर रही थी महिल।
आगरा, जेएनएन। भले ही देश में चुनावी माहौल चल रहा है। आचार संहिता लागू हैं लेकिन अपराधी बेखौफ अपने मंसूबों को अंजाम देकर फरार होने में कामयाब हो रहे हैं। शनिवार को दिन दहाड़े मैनपुरी में अपराध का बेखौफ चेहरे सामने आया। खेत पर दो बेटियों के साथ निराई कर रही महिला पर ताबड़तोड़ गोलियों की बरसात हुर्इ। महिला की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक बेटी की हालत गंभीर बतार्इ जा रही है।
मामले के अनुसार मैनपुरी के थाना भोगांव क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर निवासी सीता देवी (45) पत्नी सुनील कुमार शनिवार सुबह 10 अपने खेत में खड़ी भिंडी की फसल की निराई कर रही थी। उनके साथ उनकी पुत्री माधुरी (18) व नीलम (16) भी निराई कर रही थी। तभी माधव नगर निवासी शैतान सिंह तमंचा लेकर वहां पहुंचा। तीनों मां-बेटियों पर फायरिंग कर दी। सीता व माधुरी गोली लगने से घायल हो गई। नीलम ने भाग कर जान बचाई। घटना के बाद हमलावर तमंचा लहराते हुए फरार हो गया। गांव के लोग मौके पर पहुंचे तब तक सीता देवी की मौत हो चुकी थी। माधुरी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हमलावर शैतान सिंह पास में ही एक ढाबा पर नौकरी करता है। हमला क्यों किया गया, इसको लेकर गांव के लोग कोई जानकारी देने के लिए तैयार नहीं हुए। पुलिस मौके पर रवाना हो गई है। हमलावर की तलाश शुरू कर दी गई है। कुछ लोगों ने बताया कि शैतान सिंह का महिला के घर आना- जाना था।