हर्ष फायरिंग में महिला और बच्ची घायल
आगरा: दूसरे की खुशी देखना एक बुजुर्ग महिला और छोटी बच्ची के लिए भारी पड़ गया। थाना लोहामंडी में देररात बारात में हर्ष फायरिंग से एक महिला और बच्ची के हाथ में गोली के छर्रे लग गए। अभी तक नहीं दी गई तहरीर।
आगरा: दूसरे की खुशी देखना एक बुजुर्ग महिला और छोटी बच्ची के लिए भारी पड़ गया। थाना लोहामंडी क्षेत्र के राज नगर में बस्ती से निकल रही बारात में हर्ष फायरिंग हुई। बारात देखने घर के बाहर बैठी 60 वर्षीय सुखदेवी और उनकी गोद में लगी आठ माह की नातिन बेबी को हर्ष फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे जा लगे। पुलिस ने महिला और बच्ची को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घटना देर रात की है। क्षेत्र में निकल रही बारात में धड़ाधड़ गोलियां चल रही थीं। बारात की रौनक देखने के लिए घर के बाहर बैठीं सुखदेवी और नातिन बेबी के हाथ में अचानक आकर गोली के छर्रे लग गए। थाने के नजदीक मामला होने के चलते परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचकर पुलिस दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज ले आई। मामले में बुधवार शाम तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। नहीं थम रहीं हर्ष फायरिंग की घटनाएं
शासन ने शादी समारोह में होने वाली हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह पाबंदी लगा रखी है। फिर भी आये दिन हर्ष के नाम पर लोग मनमानी करते हैं। कुछ लोगों की मनमानी के चलते लोगों की जान पर बन जाती है। आये दिन हर्ष फायरिंग में किसी न किसी के हताहत होने की घटनाएं होती रहती हैं। नशे और हथियार के दंभ में चूर लोगों द्वारा हर्ष के नाम परा फायरिंग तो कर दी जाती है लेकिन अपनी खुशी में चूर लोग दूसरों की जान तक ले लेते हैं। बहरहाल पुलिस पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है, ताकि आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।