Fire in Agra: पीडब्ल्यूडी के रिकार्ड रूम में लगी आग, अहम दस्तावेज खाक
Fire in Agra मुख्य अभियंता संजीव भारद्वाज ने दिए जांच के आदेश। रकाबगंज में अज्ञात लोगों के खिलाफ दी तहरीर। फर्जी सप्लाई के आर्डर भी शामिल फंस सकते हैं कई कर्मचारी। आग बुझाने के नहीं थे पर्याप्त इंतजाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता कार्यालय, निर्माण खंड कार्यालय में शनिवार सुबह दस बजे आग लग गई। शार्ट सर्किट से लगी आग में अहम दस्तावेज खाक हो गए। मुख्य अभियंता संजीव भारद्वाज ने अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है जबकि रकाबगंज थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। दस्तावेजों में फर्जी सप्लाई आर्डर भी शामिल थे।
निर्माण खंड कार्यालय में वर्ष 2016-17 के सभी वाउचर्स, मासिक लेखा सहित अन्य दस्तावेज रखे हुए थे। एक साल पूर्व फर्जी सप्लाई आर्डर में हुए खेल की शिकायत हुई थी। शनिवार सुबह आठ बजे चौकीदार महावीर ने कार्यालय की सफाई के लिए दरवाजा खोला। कर्मचारी रितु ने अभिलेख कक्ष की सफाई की और फिर इसे बंद कर दिया गया। रितु ने सुबह दस बजे अधिकारियों को कार्यालय में आग लगने की जानकारी दी। बीस मिनट में दमकल वाहन पहुंच गया और आग पर काबू किया गया। मुख्य अभियंता संजीव भारद्वाज ने बताया कि तीन कुर्सियां, लोहे की बेंच, दो फोटो स्टेट मशीन, दस अलमारी जली हैं। शार्ट सर्किट से आग लगी है या फिर अन्य कोई वजह है। इसकी जांच के आदेश दिए गए हैं।
आग बुझाने के नहीं थे उपाय
जिस समय कार्यालय के कक्ष में आग लगी। उस दौरान आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।