आगरा में नगर निगम की गाड़ी में लगी आग, उठने लगीं लपटें
गांधी नगर से कूड़ा उठाने पहुंची नगर निगम की गाड़ी में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। थोड़ी देर में ही गाड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। इससे राहगीरों में भगदड़ मच गई। काफी मशक्कत के बाद दमकल ने आग को काबू में किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। गांधी नगर से कूड़ा उठाने पहुंची नगर निगम की गाड़ी में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। थोड़ी देर में ही गाड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। इससे राहगीरों में भगदड़ मच गई। काफी मशक्कत के बाद दमकल ने आग को काबू में किया।
मामला शनिवार दोपहर एक बजे का है। नगर निगम की गाड़ी लेकर चालक गांधी नगर पहुंचा था। अचानक गाड़ी के बोनट से धुआं उठने लगा। गाड़ी साइड में खड़ी करके चालक नीचे उतर गया। थोड़ी देर में ही गाड़ी से आग की लपटें उठने लगीं। धमाके की आवाज होने लगी। आसपास के लोग डर गए। रोड पर दोनों ओर ट्रैफिक रुक गया। करीब आधा घंटे तक गाड़ी से आग की लपटें उठती रहीं। स्थानीय लोगों ने यूपी 112 पर कॉल की। मगर, कॉल नहीं लगी। काफी देर बाद दमकलकर्मी वहां पहुंचे। तब तक गाड़ी पूरी तरह खाक हो गई। गाड़ी में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि आग शाॅर्ट सर्किट से लगी होगी। तभी पहले बोनट से धुआं निकला।
कॉलोनी में लोग आए दहशत में
जिस स्थान पर गाड़ी में आग लगी थी, वह रिहायशी इलाका है। आसपास कोठियां हैं। गाड़ी में आग लगने के बाद लोग डर गए। कई घरों से लोग बाहर निकलकर आ गए।