Side Effect of CoronaVirus से उबारने को कवायद, अब फिल्म के जरिये आकर्षित किये जाएंगे पर्यटक
कोरोना काल में प्रभावित पर्यटन उद्योग को उबारने की कवायद। संयुक्त निदेशक पर्यटन ने निदेशालय प्रस्ताव भिजवाने काे कहा। ऐतिहासिक महत्व के पर्यटन स्थलों की पहचान कर उन्हें रात्रि में रोशन भी किया जाएगा। कोरोना काल में देश का पर्यटन उद्योग बुरी तरह प्रभावित है।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना काल में पर्यटन को उबारने के लिए पर्यटन स्थलों की फिल्म बनाई जाएंगी। फिल्मों का प्रदर्शन कर पर्यटकों को पर्यटन स्थलों की खूबसूरती और खूबियों से रूबरू कराया जाएगा। ऐतिहासिक महत्व के पर्यटन स्थलों की पहचान कर उन्हें रात्रि में रोशन भी किया जाएगा। कोरोना काल में देश का पर्यटन उद्योग बुरी तरह प्रभावित है। पर्यटन मंत्रालय को पर्यटन उद्योग को इस स्थिति से उबारने के लिए कई सुझाव मिले हैं। इन सुझावों को पर्यटन मंत्रालय की महानिदेशक मीनाक्षी शर्मा ने उप्र सरकार को भेजा है। इनमें किला व महल में बुजुर्गों को सीढ़ियां चढ़ने में होने वाली परेशानी को देखते हुए लिफ्ट या एलीवेटर लगाने, पर्यटन स्थलों की फिल्म बनाकर उसे पर्यटकों को दिखाने और अधिक से अधिक स्मारकों की पहचान कर उन्हें रात में रोशन करने के सुझाव प्रमुख हैं। इसके बाद उप्र के संयुक्त निदेशक पर्यटन अविनाश चंद्र मिश्रा ने उपनिदेशक पर्यटन को आगरा व अलीगढ़ क्षेत्र के पर्यटन स्थलों की फिल्म बनाने का प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय भेजने के निर्देश दिए हैं। पर्यटन विभाग ने इसके बाद सुझावों पर अमल के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के आगरा सर्किल के अधीक्षण पुरातत्वविद और राज्य पुरातत्व विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी को पत्र भेजकर उचित कार्रवाई को कहा गया है।
नहीं लग सकती लिफ्ट या रेलिंग
एएसआइ द्वारा संरक्षित स्मारकों में लिफ्ट या एलीवेटर नहीं लग सकते। स्मारकों के स्वरूप में किसी तरह का परिवर्तन नहीं किया जा सकता है।