सेना भर्ती में सलेक्ट दिखाने को बना डाली फर्जी वेबसाइट, कई युवाओं को लगाया चूना
कमला नगर में पकड़े सेना भर्ती के नाम पर ठगी के दो आरोपितों को जेल भेजा। बागपत के हैं आरोपित अलीगढ़ का होशियार सिंह है सरगना। आरोपितों के मोबाइल की काल डिटेल निकाली जा रही है। इससे कि यह पता चल सकेगा कि उनके संपर्क में कितने लोग थे।
आगरा, जागरण संवाददाता। सेना भर्ती के नाम पर धोखाधड़ी में पकड़े दो आरोपितों को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर रविवार को जेल भेज दिया। आरोपित सुनील तोमर और अजय कुमार, बागपत के रहने वाले हैं। उन्हें पीड़ितों ने शनिवार की रात को कमला नगर से पकड़कर पुलिस को सौपा था। वह फर्जी वेबसाइट बनाकर अभ्यर्थियों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस के पूछताछ करने पर आरोपितों ने बताया कि गिरोह का सरगना अलीगढ़ का होशियार सिंह है।
फतेहाबाद निवासी छोटेलाल, रवेंद्र और रिंकू वर्ष 2018 में मथुरा में सेना भर्ती देखने गए थे। वहां उनकी मुलाकात होशियार सिंह व उसके एजेंटों से हुई थी। होशियार सिंह ने उन्हें भर्ती कराने की कहकर मोबाइल नंबर ले लिया था। उसने नवंबर 2019 में उन्हें फाेन करके कोलकाता में भर्ती होने के लिए भेजा। उनका प्रवेश पत्र वाट्सएप पर भेज दिया। बदले में तीनों से दो लाख 40 हजार रुपये ले लिए। दो सप्ताह बाद बताया कि उनका परिणाम आ गया है। उन्हें सेना के नाम से बनी वेबसाइट पर परिणाम दिखाया। इसमें तीनों के नाम-पते और रोल नंबर थे। होशियार सिंह ने उनसे बाकी के 12 लाख रुपये का भुगतान करने की कहा।
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि उन्हें वेबसाइट पर शक हो गया। क्योंकि इसमें कुछ ही लोगों के नाम दिखाई दे रहे थे। जबकि भर्ती होने वाली की संख्या काफी थी। इसके चलते उन्होंने रकम नहीं दी। छानबीन करने पर वेबसाइट फर्जी होने का पता चला। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों का नाम सुनील तोमर निवासी बड़ौत बागपत और अजय कुमार निवासी किरठल, थाना रमाला बागपत हैं। पुलिस के पूछताछ करने पर आरोपिताें ने बताया कि सरगना होशिया सिंह अपने एजेंट के द्वारा अभ्यर्थियों को पांच लाख रुपये में भर्ती कराने का लालच देता है। उन्हें वाट्सएप पर प्रवेश पत्र भेज अलग-अलग राज्यों में भर्ती होने के लिए भेजता है। इसके बाद उनसे रकम वसूलने के लिए फर्जी वेबसाइट पर परिणाम दिखाता था।
उन्होंने लोगों काे सेना में भर्ती कराने का झांसा देने के लिए फर्जी वेबसाइट बना रखी थी। अभ्यर्थियों से रकम लेकर उन्हें भर्ती के लिए भेजने के दो सप्ताह बाद उनका नाम दिखा देते थे। इंस्पेक्टर कमला नगर नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया पीड़ितों की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। मामले में अलीगढ़ निवासी होशियार सिंह की तलाश की जा रही है। आरोपितों के मोबाइल की काल डिटेल निकाली जा रही है। इससे कि यह पता चल सकेगा कि उनके संपर्क में कितने लोग थे।