रालोद ने सपा को दिया यहां जोर का झटका, जानिये किस कद्दावर नेता ने की घर वापसी
कई बार के विधायक रहे पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल ने ग्रहण की रालोद की सदस्यता।
आगरा, जेएनएन। लोकसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ ही दल बदलने की प्रक्रिया भी तेजी से शुरू हो गई है। मथुरा की राजनीति में कद्दावर नेता ठाकुर तेजपाल सिंह ने सपा का दामन छोड़ फिर से रालोद का हाथ थाम लिया है। शुक्रवार को दिल्ली में राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष अजीत सिंह और जयंत चौधरी के समक्ष पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली है।
रालोद से अपना राजनीतिक जीवन शुरू करने वाले ठाकुर तेजपाल सिंह मथुरा की राजनीति में बड़ा नाम हैं। 1993 में पहली बार छाता से विधायक चुने गए थे। इसके बाद इसी सीट से दो बार और विधायक रहे। गणबंधन की सरकार के दौरान 2004 में मायावती के मुख्यमंत्री काल में वे पीडब्ल्यूडी मंत्री रहे। इसके बाद उन्होंने सपा का दामन थाम लिया। 2007 में मुलायम सरकार के दौरान वे सिंचाई मंत्री रहे। इसके बाद से उनकी पार्टी में लगातार अनदेखी हो रही थी।
रालोद के नेताओं से वे लगातार संपर्क में थे। शुक्रवार को रालोद के मथुरा जिलाध्यक्ष रामरसपाल पौनिया के नेतृत्व में उन्होंने रालोद की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली।
माना जा रहा है कि ठाकुर तेजपाल की घर वापसी के बाद मथुरा में स्थिति और मजबूत हो जाएगी।