Agra News: आगरा कालेज में कर्मचारी हुए लामबंद, बंद कर रहे कक्षाएं, शिक्षक पर लगाया चांटा मारने का आरोप
Agra News कर्मचारी ने शिक्षक पर चांटा मारने का लगाया आरोप। विधि परीक्षा के दौरान महिला विंग में हुई घटना। कर्मचारियों ने स्टाफ रूम बंद किया जिसे लेकर शिक्षकों व कर्मचारियों में नोक-झोंक भी हुई। मामले की जानकारी प्राचार्य डा. अनुराग शुक्ल को दे दी गई।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा कालेज में आज सुबह विधि परीक्षा के दौरान शिक्षक व कर्मचारी के बीच हुए विवाद के बाद कालेज के सभी कर्मचारी लामबंद हो गए।कर्मचारी का आरोप है कि एक शिक्षक ने चांटा मारा। लामबंद कर्मचारी दूसरी पाली में होने वाली बीएड की परीक्षा नहीं होने देने का एलान करने लगे। कक्षाओं को बंद करने लगे। मामले की जानकारी प्राचार्य को दी गई है, वे कालेज पहुंच रहे हैं।
मामला सुबह महिला विंग में विधि परीक्षा के दौरान हुआ। सफाई कर्मचारी नरेंद्र का आरोप है कि ड्यूटी के कारण दो शिक्ष कों में कहासुनी हो रही थी। इतने में डा. मुअज्जम खान ने उपस्थिति पंजिका मंगाई। नरेंद्र का कहना है कि उसने पंजिका दे दी, लेकिन डा. खान ने उसे कंट्रोल रूम में आकर चांटा मारा। साथ ही गुस्से में कहा कि नरेंद्र ने गलत पंजिका दी। नरेंद्र ने अपने साथियों को इसकी जानकारी दी। 40 से ज्यादा कर्मचारी लामबंद हो गए और दूसरी पाली में होने वाली बीएड परीक्षा से पहले कक्षाओं को बंद करने लगे। नारेबाजी करते रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने स्टाफ रूम बंद किया, जिसे लेकर शिक्षकों व कर्मचारियों में नोक-झोंक भी हुई। इस बारे में चीफ प्रोक्टर डा. अमित अग्रवाल का कहना है कि मामले की जानकारी प्राचार्य डा. अनुराग शुक्ल को दे दी गई है। वे कालेज पहुंच रहे हैं। आरोप की जांच की जाएगी।