Good News: दीवाली पर न होंं परेशान, अब इमरजेंसी और स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे मिलेगा इलाज Agra News
एसएन जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाई डॉक्टर की ड्यूटी। गर्भवती महिलाओं को समस्या होने पर 102 और घायलों के लिए 108 एंबुलेंस सेवा।
आगरा, जागरण संवाददाता। दीपावली पर पटाखे चलाने से लोग घायल हो जाते हैं तो एसएन और स्वास्थ्य केंद्रों पर तत्काल इलाज मिलेगा। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। एसएन, जिला अस्पताल, लेडी लॉयल महिला चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ 24 घंटे उपलब्ध रहेगा।
दीपावली पर बम-पटाखे चलाने से घायल होने के साथ ही कान में डैमेज हो सकता है। वहीं, जहरीली गैस से अस्थमा और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज से पीड़ित मरीजों को अटैक पड़ सकता है। गंभीर हालत में मरीजों को इलाज मिल सके, इसके लिए सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। ये 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।
इनका क्या है कहना
इमरजेंसी में सर्जन, फिजीशियन, ईएनटी सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाफ की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। गंभीर मरीजों के साथ ही सामान्य घायलों को भी इमरजेंसी में इलाज दिया जाएगा, यहां से वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
डॉ. एसके मजूमदार, प्रमुख अधीक्षक एसएन मेडिकल कॉलेज जिला
अस्पताल, लेडी लॉयल महिला चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 और 102 निश्शुल्क एंबुलेंस सेवा है।
डॉ. मुकेश वत्स, सीएमओ