गजराज को भी लग रही ठंड, जैकेट पहनाई और ओढ़ाया कंबल, जानिए कहां हो रहा ऐसा
गुड़, लहसुन, अदरक और खा रहे बाजरा का दलिया। संरक्षण केंद्र पर मौसम के साथ बदला गया शेड्यूल।
आगरा, जेएनएन। गलन भरी सर्दी और शीतलहर की चुभन से इंसान ही नहीं पशु-पक्षी भी कंपकंपा रहे हैं। गजराज की हालत भी ठंड में पतली है। मौसम की मार से बचने के लिए हाथियों ने जैकेट पहन ली है। कंबल ओढ़कर सर्दी से बच रहे हैं। गुड़, लहसुन, अदरक और बाजरा का दलिया भोजन में ले रहे हैं।
आगरा-मथुरा हाईवे पर स्थित गांव चुरमुरा में वाइल्ड लाइफ-एसओएस का हाथी संरक्षण केंद्र है। बीस हाथी यहां पल रहे हैं। सर्दी लगातार मारक होती चली जा रही है। शीत लहर से हाथियों को बचाने के लिए उनको गर्म कपड़े पहनाए गए हैं। रात को कंबल ओढ़ाए जा रहे हैं। संरक्षण प्रभारी नरेश ने बताया कि सर्द मौसम को देखते हुए हाथियों के खान-पान में भी बदलाव किया गया है। दोपहर में फल दिए जा रहे हैं। रात को खाने में बाजरा का दलिया और गन्ना दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त गुड़, लहसुन और अदरक भी इनके भोजन में शामिल किया गया है। इस भोजन से हाथियों को ऊष्मा मिलती है। ठंड का प्रभाव कम रहता है। कवर्ड टिन शेड में अब हाथियों को रखा जाएगा। केवल दोपहर में धूप निकलने पर ही घूमने-फिरने के इनको बाहर निकाला जाएगा। वहीं चिकित्सक भी इनके स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं।