Move to Jagran APP

ईद पर अल्लाह के सजदे में झुके हजारों सिर, केरल की मदद को हाथ बढ़ाने की भी हुई कोशिश

केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए दुआ और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई ईद पर नमाज अदा।

By JagranEdited By: Published: Wed, 22 Aug 2018 11:46 AM (IST)Updated: Wed, 22 Aug 2018 01:13 PM (IST)
ईद पर अल्लाह के सजदे में झुके हजारों सिर, केरल की मदद को हाथ बढ़ाने की भी हुई कोशिश
ईद पर अल्लाह के सजदे में झुके हजारों सिर, केरल की मदद को हाथ बढ़ाने की भी हुई कोशिश

आगरा(जेएनएन): बुधवार की सुबह श्रीकृष्ण नगरी मथुरा के लिए खास थी। तो ताज नगरी में भी भोर खुदा की बंदगी के साथ हुई। फीरोजाबाद, कासगंज, मैनपुरी और एटा की तमाम ईदगाहों में नमाजियों की जमातें लगनी शुरू हो गई थीं।

loksabha election banner

दिन चढ़ने के साथ हजारों हाथ अल्लाह की इबादत में उठे और खुदा का फिर से ईद की सुबह देखने को शुक्रिया अदा किया। साथ ही केरल में आई बाढ़ के पीड़ितों के लिए दुआ मांगी।

सजदे में सिर झुकाए और नमाज अदा की और इसके साथ ही ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। मुबारकबाद के दौर के बाद कुर्बानी दी गई।

बुधवार को ईद उल अजहा को लेकर शहर से देहात तक अलग ही नजारा था। कई दिन पहले से इसकी तैयारिया चल रही थीं। साफ-सफाई हो रही थी। इधर, मस्जिदों को भी सजाया जा रहा था। वहीं, एक दिन पहले तक बाजार गुलजार थे। लोग कपड़े, कॉस्मेटिक की खरीदारी में जुटे थे।

बुधवार को सुबह होते ही लोग मस्जिदों पर एकत्र होने शुरू हो गए थे। आगरा में ईदगाह शाही मस्जिद पर शहर मुफ्ती अब्दुल खुबैब रूमी ने नमाज पढ़ाई। उन्होंने तकरीर में कहा कि कुर्बानी जरूरी है लेकिन अपनी क्षमता के अनुसार ही करें। किसी से बहस में पड़कर ज्यादा रुपये की दौड़ में न पड़ें। उन्होंने नमाजियों से केरल में बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आने की अपील की। शहर की जामा मस्जिद पर भी यही नजारा था।

शहर के सटे किरावली, अछनेरा,फतेहपुर सीकरी, फतेहाबाद, शमशाबाद आदि क्षेत्रों में भी सौहार्द के साथ नमाज पढ़ी गई।

मथुरा जिले की सभी मस्जिदों में भी नमाजियों की अच्छी भीड़ थी, लेकिन सबसे ज्यादा शाही ईदगाह पर रही। हजारों की संख्या में लोग अल्लाह की इबादत करने मौजूद थे। कड़ी पुलिस चौकसी के बीच करीब नौ बजे नमाज शुरू हुई। छोटे बच्चों से वृद्धों ने इबादत की। इधर, फरह, स्थित बड़ी ईदगाह, सुरीर में भी यही हाल था। इस दौरान बाढ़ पीड़ित और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धाजलि दी गई। नमाज के बाद लोग गले मिले और एक दूसरे को मुबारकबाद दी। इस अवसर पर मेयर डॉ. मुकेश आर्यबंधु, डीएम सर्वज्ञराम मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट बसंत लाल, नगरायुक्त समीर वर्मा, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, एसएसपी बबलू कुमार, काग्रेस शहराध्यक्ष आबिद हुसैन, मलिक अरोड़ा, रालोद जिलाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह, सपा जिलाध्यक्ष तनवीर अहमद, पूर्व मंत्री सरदार सिंह, बसपा नेता सुरेश बाबू, महेंद्र चौधरी आदि मौजूद थे।

उधर मैनपुरी में आगरा रोड स्थित ईदगाह पर नमाज हुई। भोगांव, करहल सहित अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। कासगंज जिले में करीब 95 स्थानों पर नमाज अदा हुई। पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किये हुए थे। ईदगाह पर नमाज के दौरान डीएम और एसपी मौजूद रहे।

महिलाओं ने भी पढ़ी मस्जिद में नमाज: अक्सरकर घरों में ही खुदा की बंदगी करने वाली महिलाओं ने ईद पर मस्जिदों में नमाज अदा की। फतेहपुर सीकरी स्थित शाही जामा मस्जिद में महिलाओं ने ईद की नमाज पढ़ी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.