MG Road Agra: एमजी रोड पर ई-रिक्शा बंद, सिटी बस हैं कम, यात्रियों की बढ़ गई मुसीबत
भगवान टॉकीज चौराहा से प्रतापपुरा तक सफर करने वाले लोगों को करना पड़ रहा मुश्किलों का सामना। काफी देर तक इंतजार करने के बाद आ रही सिटी बस। यदि बसों की संख्या बढ़ाई गई तो फिर लगने लगेगा एमजी रोड पर जाम। स्कूल खुलने के साथ ही फिर आएगी दिक्कत।
आगरा, जागरण संवाददाता। एमजी रोड पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सहयोगी ई-रिक्शा पर गुरुवार से प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिसके बाद यात्री गंतव्य तक पहुंचने के लिए सिटी बसों पर निर्भर रह गए हैं। बसों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शुक्रवार को भी भगवान टाकीज से प्रतापपुरा और आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए विभिन्न स्थानों पर यात्रियों को सिटी बसों का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
भगवान टाकीज से एमजी रोड होते हुए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तक सिटी बसों का संचालन होता है। कंडम बसों को छोड़ दें तो 100 से अधिक बसें दुरुस्त हैं, लेकिन एमजी रोड के हिस्से में प्रतिदिन 20 से 25 बसें ही आती हैं। सामान्य दिनों में भी यात्रियों को मुश्किल होती थी, लेकिन ई-रिक्शा बंद होने के बाद लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों का लंबा इंतजार करना पड़ा। दोपहर दो बजे सेंट जोंस चौराहे के निकट भगवान टाकीज की ओर जाने के लिए खड़े कपिल खान ने बताया कि 40 मिनट से इंतजार के बाद भी बस नहीं मिली है। तीसरे पहर तीन बजे आगरा कालेज के निकट खड़े राजेश सिंह ने बताया कि प्रतापपुरा चौराहे तक जाना है, लेकिन 50 मिनट से बस नहीं मिली है। शाम छह बजे सांई की तकिया चौराहे के निकट यात्रियों की भीड़ खड़ी थी। यात्री विवेक ने बताया कि आधे घंटे से बस का इतजार है। पहले ई-रिक्शा मिल जाते थे, वह भी उपलब्ध नहीं है। जल्दी पहुंचना था, लेकिन देरी हो रही है। आगरा मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट के एआरएम राशिद अली खान ने बताया कि बसों की उपलब्धता पर्याप्त है। आवश्यकता होगी तो और बसें बढ़ाई जाएंगी।