Charging Station: 12.85 करोड़ से बनेगा आगरा में ई-बसों का चार्जिंग स्टेशन
फाउंड्री नगर में बनाया जाएगा चार्जिंग स्टेशन। अप्रैल 2021 से संचालित होने लगेंगी यहां ई-बसें।
आगरा, जागरण संवाददाता। अप्रैल 2021 से आगरा शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। एक बस की कीमत एक से लेकर डेढ़ करोड़ रुपये है। मार्च तक सौ बसें मिल जाएंगी। फिलहाल बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू होने जा रहा है। इस पर 12.85 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फाउंड्री नगर, एमएसएमई के पास 16 हजार वर्ग मीटर जमीन चिह्नित की गई है। एक रुपये प्रति साल की दर पर यह जमीन निगम ने आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट लि. को दी है। अपर नगरायुक्त केबी सिंह ने बताया कि जल निगम की निर्माण और डिजाइन सॢवसेज (सी एंड डीएस) द्वारा चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य फरवरी 2021 तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जमीन को समतल कर दिया गया है। मार्च 2021 तक शहर को सौ ई-बस मिलेंगी।
जनता को होगा फायदा
मेयर नवीन जैन का कहना है कि ई-बस सेवा के संचालन से जनता को फायदा होगा। बसें शहर के डेढ़ दर्जन रूटों पर चलेंगी। इससे लोगों को आवागमन में होने वाली दिक्कत से बचाया जा सकेगा। पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचेगा।