दशहरा आज, अट्टाहस करता नजर आएगा दशानन
बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन कई स्थानों पर होगा रावण के पुतलों का दहन।
आगरा: बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन कई स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन होगा।
आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी को दशहरा मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीराम ने लंकापति रावण का वध किया था। रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में रावण के 100 फुट ऊंचे पुतले का दहन होगा। यहां रावण अट्टहास करता हुआ नजर आएगा। उसकी छतरी और ढाल घूमेंगी तो आंखों से अंगारे बरसेंगे। आतिशबाजों के बीच आकर्षक मुकाबला भी देखने को मिलेगा। रेलवे इंस्टीट्यूट में चल रही रामलीला में 70 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। उसकी ढाल व छतरी घूमेंगी और जनेऊ रोशनी बिखेरेगा। यहां भी आतिशबाजी होगी। सेंट जोंस चौराहा पर दशहरा मेला स्वागत समिति द्वारा 70 फुट ऊंचा रावण का पुतला तैयार कराया है। यहां भी आतिशबाजी होगी। इस दिन अक्षर लेखन की शुरुआत, नए उद्योग शुरू करना, बीज बोना आदि शुभ माना जाता है। इसीलिए कई लोग अपने नए काम की शुरुआत इस दिन करते हैं। क्षत्रियों द्वारा शस्त्र पूजन भी किया जाएगा।
-------------------------------------- मुगलकालीन है जटपुरा की दशहरा शोभायात्रा
- श्रीरामचंद्र मंदिर जटपुरा से आज शाम को निकलेगी प्राचीन शोभायात्रा
- कंधों, बैलगाड़ियों, पालकी से होते हुए सवारियों तक पहुंचे स्वरूप
जासं, आगरा: दशहरा पर जटपुरा स्थित प्राचीन श्रीरामचंद्र मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे मुगलकालीन बताया जाता है।
यह शोभयात्रा दशहरा के दिन श्रीरामचंद्र मंदिर से निकाली जाती है। इसमें करीब 40 झांकियां शामिल होंगी। इनमें गणेश जी, देवी माता, भगवान शिव, राम दरबार, राधा-कृष्ण समेत अनेक झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा का भव्य स्वरूप जो आज नजर आता है पूर्व में ऐसा नहीं था। पहले भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों को श्रद्धालु अपने कंधों पर लेकर जाते थे। समय के साथ इसमें बदलाव हुआ। दशहरा शोभायात्रा आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष विनय अग्रवाल बताते हैं कि पूर्वजों के अनुसार यह करीब 500 साल पुरानी है। मुगलों के समय इसकी शुरुआत हुई थी। इनसेट बाक्स..
अद्भुत आकर्षण है राम-रावण युद्ध
दशहरा शोभायात्रा आयोजन समिति में अखाड़ों द्वारा तलवारबाजी व लट्ठबाजी का प्रदर्शन किया जाता है। अखाड़ों के करतब देखने भीड़ उमड़ती है। यहां तक कि राम और रावण के स्वरूप भी शोभायात्रा में एक-दूसरे पर तीर बरसाते हुए चलते हैं। ये है शोभायात्रा मार्ग
श्रीरामचंद्र मंदिर जटपुरा से शुरू होकर न्यू राजामंडी कॉलोनी, आलमगंज, लोहामंडी, बल्देव गंज, राजा की मंडी बाजार, एमजी रोड होते हुए शोभायात्रा सेंट जोंस चौराहा पहुंचकर संपन्न होगी।
-------------------------------------- आगरा: दशहरा मेले को हुआ भूमि पूजन
- वैश्य बोर्डिग हाउस, सेंट जोंस चौराहा पर मेला आज से
फोटो
जासं, आगरा: दशहरा मेला स्वागत समिति द्वारा वैश्य बोर्डिग हाउस, सेंट जोंस चौराहा पर गुरुवार को भूमि पूजन किया गया। यहां शुक्रवार को रावण का दहन होगा।
पं. मुकेश शर्मा ने विधि-विधान से गणेश पूजन व हवन कराया। सभी सदस्यों ने 19 व 20 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों के मंगलमय पूर्ण होने की कामना की। अध्यक्ष राजीवकांत लवानिया ने बताया कि इस बार के आयोजन काफी भव्य व आकर्षक होंगे। हेमेंद्र कुलश्रेष्ठ, भगवान दास कुशवाह, जुगल चतुर्वेदी, विनय जैन, ओम शर्मा, रविंद्र मोहन बंसल, मुकुल कुलश्रेष्ठ, विनय शर्मा, मनीष गर्ग, अर्जुन सिंह, मोहित चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
-------------------------------
अलग खबर..
देवी प्रतिमाओं का होगा विसर्जन
शारदीय नवरात्र में नौ दिन तक देवी की आराधना के बाद दशहरा पर शुक्रवार को प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु प्रतिमाएं विसर्जन के लिए ले जाएंगे। यमुना किनारे हाथीघाट, कैलाश घाट, दशहरा घाट, बल्केश्वर आदि जगहों पर जिला प्रशासन द्वारा कुंड तैयार कराए गए हैं। प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) व मिट्टी से बनी मूर्तियों का विसर्जन अलग-अलग कुंडों में होगा। हालांकि, कुछ श्रद्धालुओं ने गुरुवार शाम को ही प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया।