देवी प्रतिमा के विसर्जन के दौरान संघर्ष, पथराव और जमकर तोड़फोड़
शोभा नगर की घटना, युवकों के महिलाओं के बीच नाचने पर विवाद, दोनों ओर से जमकर पथराव और वाहन तोड़े, तीन लोग घायल
आगरा (जेएनएन): एत्माद्दौला के शोभा नगर में शुक्रवार मूर्ति विसर्जन को जाती महिलाओं के बीच युवकों के जबरन घुसने पर संघर्ष हो गया। दोनों ओर से जमकर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इसमें महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।
शोभानगर बस्ती के लोग शाम सवा छह बजे मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे थे। महिलाएं डेक पर बज रहे संगीत पर नाच रही थीं। इसी दौरान टेड़ी बगिया वाल्मीकि बस्ती के कुछ युवक नशे में वहां पहुंचे और महिलाओं के बीच में जाकर नाचने लगे। उनसे छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिलाओं और बस्ती के लोगों ने विरोध करने पर युवकों ने गाली-गलौज कर दी। इस पर बस्ती वालों ने उन्हें पीट दिया।
युवकों ने टेड़ी बगिया अपनी बस्ती पहुंचकर मारपीट की जानकारी दे दी। वहां से सैकड़ों लोग शोभा नगर पहुंच गए। उन्होंने मूर्ति विसर्जन को जाते लोगों से मारपीट और पथराव कर दिया। इस पर शोभा नगर के लोगों ने भी मोर्चा ले लिया। दोनों ओर से आधा घंटे संघर्ष होता रहा। इसमें एक एक्टिवा को क्षतिग्रस्त हो गई। पथराव में शोभा नगर की महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। इंस्पेक्टर कमलेश सिंह ने बताया कि आरोपितों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस वर्ष एक ही प्वाइंट पर तैनात किया फोर्स
मूर्ति विसर्जन को पिछले साल नरायच के कबीर घाट, शोभा नगर, इस्लाम नगर और फाउंड्री नगर के पीछे चार प्वाइंट पर फोर्स तैनात किया गया था। इस बार सिर्फ कबीर घाट पर बने कुंड पर ही पुलिस तैनात रही। लोगों का कहना था कि पुलिस तैनात होती तो बवाल न होता।
खंदौली में मूर्ति विसर्जन के दौरान मारपीट
खंदौली: गांव नगला आशा में शुक्रवार को मूर्ति विसर्जन करने जा रहे दो गुटों में मारपीट हो गई। जिससे वहां से निकल रहे सैकड़ों की तादात में श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। खंदौली के नगला आशा से होकर पोईया घाट मूर्ति विसर्जन करने जा रहे घड़ी जीवनराम के दो गुटों में पहले निकलने को लेकर मारपीट हो गई। जिससे वहां से सैकड़ों की संख्या में निकल रहे श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। तभी किसी ने मारपीट का बीडीओ बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जब इस बारे में थाना खंदौली एसओ प्रशांत त्यागी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि अभी तक किसी झगडे़ की सूचना नहीं आई है।