Move to Jagran APP

अभेद होगी Trump की सुरक्षा व्‍यवस्‍था, चप्‍पे- चप्‍पे पर खास इंतजाम, जानिए दौरे की खास बातें Agra News

एयरफोर्स स्टेशन से ताजमहल और होटल के आसपास सुरक्षा के किए जाएंगे पुख्ता इंतजाम।

By Tanu GuptaEdited By: Published: Sat, 15 Feb 2020 12:28 PM (IST)Updated: Sat, 15 Feb 2020 09:18 PM (IST)
अभेद होगी Trump की सुरक्षा व्‍यवस्‍था, चप्‍पे- चप्‍पे पर खास इंतजाम, जानिए दौरे की खास बातें Agra News
अभेद होगी Trump की सुरक्षा व्‍यवस्‍था, चप्‍पे- चप्‍पे पर खास इंतजाम, जानिए दौरे की खास बातें Agra News

आगरा, जागरण संवाददाता। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा अभूतपूर्व होगी। पांच सुरक्षा घेरे में उनका काफिला गुजरेगा। पहले दो घेरे अमेरिकी सुरक्षा गार्ड के होंगे। ताजनगरी में 24 फरवरी को प्रस्तावित ट्रंप की यात्रा के दौरान जमीन से लेकर आसमान तक की सुरक्षा में आठ सौ से अधिक कमांडो तैनात रहेंगे।

loksabha election banner

आगरा एयरफोर्स स्टेशन से ताजमहल और होटल के आसपास अभेद सुरक्षा घेरा होगा। बिना अनुमति के किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। राष्ट्रपति जिस मार्ग से गुजरेंगे, उस इलाके की सघन जांच की जाएगी। राष्ट्रपति का काफिला निकलने के दौरान रोड के दोनों ओर दस से बीस मीटर की दूरी पर कोई भी वाहन खड़ा नहीं हो सकेगा।

काफिले में 70 से अधिक वाहन रहेंगे शामिल

अमेरिकी राष्ट्रपति के काफिले में 70 से अधिक वाहन होंगे। इनमें दर्जन भर से अधिक वाहन अमेरिकी हो सकते हैं। सबसे आगे और अगल-बगल में बाइक सवार कमांडो चलेंगे। अत्याधुनिक हथियारों से लैस होंगे। यह पलक झपकते ही किसी भी खतरे को भांप लेते हैं।

द बीस्ट में चलेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति

अमेरिकी राष्ट्रपति जहां भी जाते हैं, उनके साथ उनकी कार द बीस्ट सहित अन्य काफिले के वाहनों को ले जाया जाता है। द बीस्ट बमप्रूफ, केमिकल अटैक और न्यूक्लियर अटैक को ङोल सकती है।

इसलिए खास है द बीस्ट

डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के दौरान लिमोजिन कार (द बीस्ट उपनाम) में कई बदलाव कराए गए थे। इस कार का वजन सात से आठ टन के बीच है। बॉडी स्टील, एल्युमिनियम, टाइटेनियम और सेरामिक से बनी है। कार का फ्लोर इतना मजबूत है कि बम फटे तो कुछ नहीं हो सकता। कार के शीशे पांच इंच मोटे बुलेट प्रूफ मैटेरियल के बने हैं। यह कार पूरी तरह से एयर टाइट है। इसमें ईंधन विद स्पेशल फोम मिक्स करके भरा जाता है। अगर कार पंचर हो जाती है तो इसकी गति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

लखनऊ एक्सप्रेस वे : रन वे रहेगा तैयार

लखनऊ एक्सप्रेस वे पर रन वे बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन के दौरान रन वे पूरी तरह से तैयार रखा जाएगा।

रोक दी जाएगी विमानों की आवाजाही

जिस वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति दिल्ली से आगरा के लिए उड़ान भरेंगे, उस वक्त पं. दीनदयाल उपाध्याय एयरपोर्ट, आगरा में विमानों की आवाजाही रोक दी जाएगी।

ताज में होगे सिर्फ ट्रंप और उनका परिवार

अमेरिकी राष्ट्रपति परिवार के साथ जिस वक्त ताजमहल का दीदार करेंगे, उस दौरान ताज में सुरक्षा कर्मियों के अलावा अन्य कोई नहीं होगा।

सबसे पहले आइजन हॉवर आए थे आगरा

सबसे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति आइजन हॉवर वर्ष 1959 में बिचपुरी ब्लॉक के लड़ामदा गांव को देखने गए थे। उन्होंने यहां के लोगों से बातचीत कर यहां की संस्कृति और खेती के बारे में भी जानकारी ली थी।

एक घंटे तक आगरा में रहे थे बिल क्लिंटन

20 मार्च 2000 को अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन आगरा आए थे। उनके साथ उनकी बेटी चेल्सिया भी थीं। उस दौरान उन्होंने होटल ताजखेमा के माउंट से विश्व के नाम पर्यावरण का संदेश दिया था। वे यहां एक घंटे से ज्यादा समय ठहरे थे। ताजमहल का दीदार भी किया था।

नहीं आ सके थे ओबामा

वर्ष 2015 में अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा का आगरा का प्रस्तावित दौरा था। सभी तैयारियां हो गई थीं लेकिन ऐन वक्त उनका दौरा टल गया।

दो घंटे तक घरों में ‘कैद’ रहेंगे लोग

अमेरिकी राष्ट्रपति के संभावित दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वे 24 फरवरी को यहां दो घंटे रुक सकते हैं। इस समय में रूट के आसपास स्थित मकानों से लोगों को बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा। छतों पर पुलिस का पहरा रहेगा।

एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक के रूट पर जो मकान हैं, उनमें रहने वाले सभी लोगों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। उनके मोबाइल नंबर भी पुलिस ले रही है। सूत्रों का कहना है कि जिस रूट से ट्रंप गुजरेंगे, वह उनके लौटने तक बंद रहेगा। इस दौरान सड़क पर किसी को नहीं आने दिया जाएगा। रूट के मकानों से भी किसी को निकलने की अनुमति नहीं मिलेगी। अभी स्थानीय पुलिस अधिकारी सुरक्षा पर मंथन कर रहे हैं।

एयरफोर्स वन विमान से आएंगे राष्ट्रपति

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एयरफोर्स वन से आगरा आएंगे। इस विमान की खासियत यह है कि जिस हवाई मार्ग से यह गुजरता है, उसके आगे कई अन्य विमान चलते हैं जो रूट को क्लीयर कराते हैं। यह विमान मिनी व्हाइट हाउस में तब्दील रहता है।

हेलीकाप्टर मरीन वन का किया जाएगा इस्तेमाल

राष्ट्रपति की सुरक्षा में अमेरिकी हेलीकाप्टर मरीन वन का भी प्रयोग किया जाएगा। एयरफोर्स वन के रनवे से उतरने के बाद अगर मंजिल दस किमी से अधिक दूर है तो राष्ट्रपति मरीन वन में सफर करते हैं।

पौधों की होगी धुलाई, बंद होंगे स्मार्ट सिटी के कार्य

अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए शनिवार से संबंधित रूट को चमकाने का कार्य शुरू हो गया। दो से तीन दिनों के भीतर स्मार्ट सिटी के कार्य बंद हो जाएंगे। यह सभी कार्य फतेहाबाद रोड और उसके आसपास चल रहे हैं, जबकि पेड़ों की धुलाई की जाएगी और मशीनों से रोड की सफाई होगी। डीएम प्रभु एन. सिंह ने संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत फतेहाबाद रोड पर सौ करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। डक्ट के साथ नाला निर्माण हो रहा है। इससे जगह-जगह खोदाई है। ऐसे में यह कार्य पूरे नहीं हो सकेंगे। बीच का रास्ता अपनाते हुए टीन शेड लगाया जाएगा। कुछ ऐसी जगह हैं। जहां गड्ढों को अभी तक नहीं भरा गया है। इन्हें जल्द ही भरा जाएगा। वहीं नगर निगम दो से तीन गाड़ियां लगाकर पेड़ों की धुलाई कराएगा।

डिवाइडर पर लगेंगे पौधे, रखे जाएंगे गमले

संबंधित रूट पर जगह-जगह गमले रखवाएं जाएंगे। साथ ही डिवाइडर पर पौधे भी लगाए जाएंगे।

बन सकती है नई रोड

आगरा एयरफोर्स स्टेशन से लेकर ताजमहल और होटल तक कई जगहों पर नई रोड बनेगी। यह कार्य लोक निर्माण विभाग और नगर निगम मिलकर कराएंगे।

हटेंगे डस्टबिन व कूड़े के ढेर

संबंधित रूट पर आधा दर्जन डस्टबिन रखे हुए हैं। साथ ही झाड़ लगाने के बाद सफाई कर्मचारी कूड़े के ढेर लगा देते हैं। इन्हें तुरंत उठाया जाएगा।

पकड़े जाएंगे बेसहारा पशु

शनिवार से नगर निगम की टीम बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाएगी। यह अभियान ताजमहल व एयरफोर्स स्टेशन के आसपास चलेगा।

बदल सकते हैं ताज महोत्सव के कई कार्यक्रम

अमेरिकी राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए ताज महोत्सव के कुछ कार्यक्रमों में बदलाव हो सकता है। मंडलायुक्त की शनिवार को होने वाली बैठक में इसका निर्णय लिया जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति 24 फरवरी को आगरा आ सकते हैं। ताज महोत्सव का आयोजन 18 से 27 फरवरी तक होना है। 24 फरवरी को रात आठ बजे से शिल्पग्राम में गायक नीति मोहन का कार्यक्रम निर्धारित है। शिल्पग्राम में ही शिल्प हाट लगता है। ट्रंप के आगमन को देखते हुए दोपहर से लेकर शाम तक ताज महोत्सव में कोई भी कार्यक्रम होना संभव नजर नहीं आ रहा।

17 को आएगी एडवांस टीम, 18 को बैठक

17 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति की एडवांस टीम यहां आ जाएगी। वह स्थानीय अधिकारियों से सुरक्षा का खाका लेकर अपने हिसाब से तैयारियां शुरू करेगी। 18 फरवरी को उच्च स्तरीय बैठक होगी। यह कहां होगी, फिलहाल यह तय नहीं हुआ है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.