घरेलू हिंसा बेहद शर्मनाक, इसकी रोकथाम जरूरी
महिलाओं के साथ घरेलू हिसा चिंता का विषय। अभिभावकों को बालिका सुरक्षा की शपथ दिलाई
जेएनएन, आगरा। मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को बरहन के आवलखेड़ा में माता भगवती देवी महाविद्यालय में एक वेबिनार का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं को घरेलू हिसा को रोकने पर चर्चा की गई। महिलाओं को बताया कि महिला संरक्षण अधिनियम, घरेलू हिंसा को रोकने और सजा दिलाने में किस प्रकार सहायता करता है। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बरेली की समाजशास्त्र की सहायक प्रो. डा. अंजू राठौर ने घरेलू हिसा को समाज के लिए चिंता का विषय बताया। कार्यक्रम में अभिभावकों को बालिका सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। डा. शुभा सिंह, डा. यशपाल चौधरी, डा. उमेश कुमार शाक्य, प्रो. रेणू दास, डा. मनोरमा यादव और छात्राएं मौजूद रहीं।
पशुओं का चारा लेकर लौट रही किशोरी से छेड़छाड़
जेएनएन, आगरा। पशुओं का चारा लेकर घर लौट रही किशोरी के साथ गांव के ही युवक ने छेड़छाड़ की। साथ चल रही मां को देख आरोपित भाग निकला। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है। सैंया के एक गांव की रहने वाली किशोरी शनिवार शाम पांच बजे मां के साथ खेत पर गई थी। वहां से भूसा लेकर लौटते समय रास्ते में युवक ने उसे दबोच लिया। शोर मचाने पर उसकी मां भी पहुंच गई। इस पर वह भाग गया। महिला ने घर पहुंच स्वजन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वे थाने पहुंचे और शिकायत की। बताया कि आरोपित भरतपुर का रहने वाला है, वर्तमान में गांव में ही रह रहा है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।