आगरा के गुरुद्वारों पर बनेगी डाक्यूमेंट्री फिल्म, जल्द शुरू होगा फिल्मांकन Agra News
आरए मूवीज करेगी निर्माण स्त्री सिंह सभा करेगी सहयोग। शहर में हैं 29 गुरुद्वारे पांच गुरुओं के पड़े हैं कदम। फिल्म के पोस्टर का किया विमोचन।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में ताजमहल के अलावा कई और प्रमुख इमारतें और धार्मिक स्थल हैं। लेकिन उनकी जानकारी किसी को नहीं है। इस अभाव को पूरा करने के लिए ही फिल्मकार रंजीत सामा सिख धर्म पर एक डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाएंगे। इसमें स्त्री सिंह सभा सहयोग करेगी। फिल्म का पोस्टर विमोचन बुधवार को एमजी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में किया गया।
फिल्म का नाम आ-गुरुद्वारे रखा गया है। स्त्री सिंह सभा की रानी सिंह ने बताया कि आगरा का सिख गुरुओं से गहरा नाता रहा है। आगरा के ऐसे पांच ऐतिहासिक गुरुद्वारे हैं जहां गुरु नानक देव, गुरु तेग बहादुर, गुरु हरगोबिंद साहिब और गुरु गोविंद सिंह जी के चरण पड़े हैं। सह निर्माता बंटी ग्रोवर ने बताया कि आगरा किले के भीतर सिख रेजीमेंट द्वारा बनाए गए गुरुद्वारे सहित आगरा में कुल 29 गुरुद्वारे हैं। इनमें कुछ गुरुद्वारे 500 साल से भी ज्यादा प्राचीन हैं। इस फिल्म में इन सब को दिखाया जाएगा।
फिल्म में सुखमनी साहिब का पाठ सहित तीन मधुर गीत होंगे। निर्देशन हेमंत वर्मा करेंगे। पंडित दलीप ताहिर गीत-संगीत देंगे। मार्च के दूसरे सप्ताह में शूटिंग शुरू होगी। आगरा में 10-12 दिन शूटिंग चलेगी। जून में फिल्म को रिलीज करने की योजना है। फिल्म के कार्यकारी निर्माता विजय सामा हैं। सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष जीवत राम करीरा, समाजसेवी अशोक जैन, आरती सामा,संजय दुबे, रानी स्वानी ने पोस्टर विमोचन किया।
झलकेगा इतिहास व भव्यता
सिख धर्म के गुरुद्वारों से जुड़ा भी समृद्ध इतिहास है। ऐतिहासिक गुरुद्वारों को उसी भव्यता के साथ आगरा में सजाया और संवारा गया है। गुरुद्वारा गुरु के ताल के दर्शन के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। यह साम्प्रदायिक सद्भाव की भी मिसाल है। हर वर्ष होने वाले प्रकाशोत्सव पर इस गुरुद्वारे में लाखों लोगों की भीड़ जुटती है। आम दिनाेें में भी लोग यहां शांति एवं सेवा के लिए आते हैं।