यमुना एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर भाजपाइयों का हंगामा, जानिये क्या रही वजह
मथुरा के बाजना कट पर टोल कर्मी और भाजपाइयों में जमकर मारपीट। टोल कर्मी समेत दो लोगों का शांतिभंग में चालान।
आगरा, जेएनएन। यमुना एक्सप्रेस वे के मथुरा जिले में पडऩे वाले बाजना कट पर मंगलवार रात टोल के विवाद को लेकर भाजपाई एवं टोलकर्मियों में झगड़ा हो गया। मारपीट एवं हंगामा होने पर टोल पर जाम लग गया। झगड़े की सूचना पर सीओ महावन समेत सर्किल की फोर्स मौके पर पहुंच गई। मामला तूल पकड़ते देख नौहझील पुलिस ने भाजपाई समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया।
मामले के अनुसार भाजपा के सुरीर मंडल महामंत्री विकास रावत मंगलवार रात नोएडा से अपनी गाड़ी में लौट रहे थे। बाजना कट पर उतरते समय टोल मांगने के विवाद में भाजपाइयों का टोल कर्मियों से झगड़ा हो गया। जिसमें मारपीट होने से भाजपाइयों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के कारण बाजना कट पर जाम लगने से वाहनों की कतार लग गई। मारपीट से क्षुब्ध मंडल महामंत्री ने एसएसपी को फोन मिला दिया। झगड़े के बाद हंगामे होने की सूचना पर सीओ महावन प्रबल प्रताप सिंह के अलावा नौहझील, मांट एवं सुरीर थाने का फोर्स पहुंच गया। मामला तूल पकड़ते देख पुलिस ने मंडल महामंत्री विकास रावत एवं टोलकर्मी हरपाल सिंह को गिरफ्तार कर शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया। बाजना चौकी प्रभारी राजकुमार गिरी का कहना है कि टोल मांगने के विवाद में भाजपाइयों और टोल कर्मियों में मारपीट हो गई थी।