आगरा, जागरण संवाददाता। शादी में आए बिन बुलाए मेहमान डीजे वाले से जिद करने लगे कि गाना बजा दो। लड़की वालों ने विरोध किया तो उनसे गाली-गलौज करने लगे। समारोह में शामिल होने के आई लड़की पक्ष की महिला ने विरोध किया तो उसे भी धमकी देने लगे। महिला कमरे में आई तो आरोपित वहां पहुंच गए, उससे छेड़छाड़ कर दी। सोने की चेन छीनकर ले गए। डीजे बजाने वाले से अपना गाना बजाने की जिद करने वालों के खिलाफ महिला ने शाहगंज थाने में अभियोग दर्ज करा दिया। पुलिस अब बिन बुलाए मेहमानों को तलाश रही है।
लड़की की शादी का कार्यक्रम था
मामले के अनुसार शाहगंज के नगला मोहनलाल में 28 नवंबर को लड़की की शादी का समारोह था। नगला मोहनलाल की रहने वाली लडकी पक्ष की परिचित महिला भी शादी में शामिल होने गई थी। महिला के अनुसार लड़की वालों ने रात दस बजे नियमानुसार डीजे बंद कर दिया। जिस पर रवि, मनीष, रविंद्र और छोटू बिना बुलाए जबरन समारोह में घुस आए। आरोपित नशे में थे। कहने लगे कि डीजे किसने बंद कराया है। डीजे वाले से गाना बजाने की कहने लगे। उसने मना किया तो धमकी देने लगे। लड़की वालों ने गाली-गलौज और हंगामे का विरोध किया। आरोपितों से कहा कि रात दस बजे के बाद डीजे बजाना मना है।
ये भी पढ़ें...
डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद
महिला के अनुसार उसने लड़की वालों का पक्ष लिया।डीजे बजाने को लेकर गाली-गलौज करने से मना किया। युवकों ने उससे अभद्रता शुरू कर दी। वह कमरे के अंदर आई तो आरोपित भी वहां आ गए। उससे छेड़छाड़ करने लगे, मारपीट करके सोने की चेन लूट ली। शोर मचाने पर शादी में शामिल होने आए लोग वहां पहुंच गए। जिस पर आरोपित धमकी देते हुए भाग गए।
ये भी पढ़ें...
प्रभारी निरीक्षक शाहगंज जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपितों रवि, रविंद्र, मनीष और छोटू के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है।