चिश्ती की दरगाह पर गद्दी को लेकर मारपीट, पर्यटक नहीं कर सके जियारत
सीकरी में शेख सलीम की दरगाह पर काम करते खादिमों को निकालने पर हुआ विवाद। पर्यटकों में मची अफरातफरी दो घंटे तक पर्यटक नहीं बांध सके मन्नत का धागा।
आगरा, जागरण संवाददाता। शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर रविवार सुबह काम करते गद्दी को लेकर खादिमों से मारपीट हो गई। इससे वहां मौजूद देशी-विदेशी पर्यटकों में अफरातफरी मच गई। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। इस दौरान दो घंटे तक पर्यटक दरगाह पर जियारत कर अपनी मन्नत का धागा नहीं बांध सके।
फतेहपुर सीकरी स्थित चिश्ती की दरगाह पर वर्तमान में पीरजादा रईस मियां चिश्ती के परिवार के लोग वहां की देखरेख करते हैं। रविवार सुबह पौने नौ बजे दूसरा पक्ष मास्टर अब्दुल कदीर और उसके साथ कुछ लोग दरगाह पर पहुंचे। वहां मौजूद पीरजादा पक्ष के खादिमों फहीम और चांद को जबरन बाहर निकालने लगे। आरोप है कि अब्दुल कादिर कुछ पुलिसकर्मियों को लेकर पहुंचे थे। दोनों खादिमों ने दरगाह से बाहर निकालने का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट कर दी।
इससे दरगाह पर मौजूद पर्यटकों में अफरातफरी मच गई। चिश्ती की दरगाह पर विवाद और मारपीट की जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई। उसने दूसरे पक्ष के लोगों को वहां से खदेड़ दिया। अब्दुल कदीर पक्ष ने अपने पक्ष में कोर्ट का आदेश होने का दावा किया। इस पर पुलिस ने दोनों पक्ष को बाहर निकाल दिया। इसके चलते वहां आए पर्यटक करीब दो घंटे तक बाहर से ही जियारत कर सके। वह दरगाह पर मन्नत का धागा नहीं बांध सके। दो घंटे बाद पर्यटक दरगाह के अंदर जा सके।
उधर, अब्दुल कदीर पक्ष द्वारा अपने पक्ष में कोर्ट का आदेश होने का दावा करने पर तहसीलदार किरावली राजू कुमार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्ष से अपने दावे से संबंधित कागजात प्रस्तुत करने की कहा।