श्रीजी बाबा स्मृति महोत्सव में पहुंचे उपमुख्यमंत्री, फूलों की सुगंध और पीत पताकाओं से सजी कृष्ण की नगरी
दो दिन की ब्रजयात्रा पर आए उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा। मथुरा में शामिल हुए श्रीजी बाजा स्मृति में आयोजित कथा महोत्सव में। दोपहर को आएंगे आगरा।
आगरा(जेएनएन): उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा शनिवार को सुबह करीब सवा 11 बजे धार्मिक नगरी मथुरा पहुंच गए। वे सड़क मार्ग द्वारा कृष्ण की नगरी पहुंचे। पहले से तय कार्यक्रम के अंतर्गत उपमुख्यमंत्री महाविद्या स्थित रामलीला मैदान पहुंचे। उपमुख्यमंत्री और कािर्ष्ण गुरुशरणानंद महाराज ने यहां ब्रह्मालीन श्रीजी बाबा स्मृति में आयोजित कथा महोत्सव का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक डॉ. नीरज बोरा भी मौजूद हैं। धार्मिक समारोह के शुभारंभ के बाद अफसरों की बैठक भी वे लेंगे। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिकरवार से अलग से मुलाकात करेंगे। शांतनु कुंड पर ब्रजयात्रा कार्यक्रम में हिस्सा भी लेंगे। कार्यक्रमानुसार करीब दो बजे वे आगरा के लिए रवाना होंगे।
मथुरा दौरे के दौरान डिप्टी सीएम विधायक पूरन प्रकाश प्रकरण पर भी चर्चा करेंगे। कुछ ही देर में वे पत्रकारों से वार्ता भी करेंगे। इसके बाद डॉ. दिनेश शर्मा शांतनु कुंड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे आगरा रवाना होंगे। ताजनगरी में उपमुख्यमंत्री दो दिन प्रवास करेंगे। करीब तीन बजे तक आगरा आने के बाद वे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। शाम पांच बजे वह जयपुर हाउस स्थित भाजपा कार्यालय पर समन्वय बैठक में भाग लेंगे। सर्किट हाउस में रात्रि प्रवास के बाद वह रविवार को सुबह साढ़े नौ बजे जिला योजना समिति की बैठक के साथ ही उच्च और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। 11.15 बजे वह रामपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
मथुरा में उपमुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व शुक्रवार को श्रीजी बाबा स्मृति में कथा महोत्सव की शोभायात्रा निकाली गई थी। इस दौरान नगर फूलों की सुगंध और पीत पताकाओं से आच्छादित हो गया। शोभायात्रा भूतेश्वर से शुरू होकर डीग गेट से मंडी रामदास, चौक बाजार, द्वारिकाधीश मंदिर पहुंची थी।