आखिरकार आई याद, अब जल्दबाजी में होंगे 6.5 करोड़ के विकास कार्य
यूनिवर्सिटी हॉस्टल, आशीष गार्डन के सामने नारियल फोड़ हुआ शुभारंभ, सांसद कठेरिया बोले, विकास कार्यो की खुद करेंगे निगरानी
आगरा: प्रभु श्रीराम के काज में शुक्रवार को जनकपुरी में विकास कार्यो का शुभारंभ हो गया। यहां स्वीकृत हुए 6.5 करोड़ के काम होंगे। जनकपुरी महोत्सव में अब चंद ही शेष हैं। ऐसे में विकास कार्यो की गुणवत्ता पर असर से इन्कार नहीं किया जा सकता।
विजय नगर कॉलोनी में पांच से आठ अक्टूबर तक जनकपुरी महोत्सव का आयोजन होगा। शुक्रवार सुबह यहां यूनिवर्सिटी हॉस्टल और आशीष गार्डन के सामने गली में विकास कार्यो का शुभारंभ एससी आयोग के अध्यक्ष सांसद रामशंकर कठ्रेरिया, विधायक जगन प्रसाद गर्ग, मेयर नवीन जैन, डीएम एनजी रवि कुमार और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने नारियल फोड़कर किया। मेयर ने कहा कि नगर निगम, एडीए व अन्य विभाग जनकपुरी आयोजन से पहले अपने काम पूरे कर लेंगे। सांसद कठेरिया ने कहा कि वह विकास कार्यो पर खुद निगरानी रखेंगे। डीएम एनजी रवि कुमार ने कहा कि जनकपुरी में स्वीकृत 6.5 करोड़ के काम युद्ध स्तर पर कराए जाएंगे। तीन करोड़ के काम नगर निगम, दो करोड़ के काम आगरा विकास प्राधिकरण और डेढ़ करोड़ के काम आवास विकास परिषद करेगा।
अंतिम समय पर बदला कार्यक्रम
शुभारंभ राधा-कृष्ण मंदिर पर होना था। विधायक जगन प्रसाद गर्ग और डीएम एनजी रवि कुमार वहीं पहुंचे थे, लेकिन अंतिम समय पर कार्यक्रम बदल दिया गया।
जनक महल की देखीं व्यवस्थाएं
शुभारंभ के बाद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने जनक महल के कार्यो का हाल जाना। श्रद्धालुओं के प्रवेश और वीआइपी दीर्घा में बैठने वालों की जानकारी जुटाई।
श्रीराम नहीं जनप्रतिनिधियों के लगे नारे
विकास कार्यो के शुभारंभ के दौरान जयघोष तो प्रभु श्रीराम का होना चाहिए था, लेकिन कार्यकता जनप्रतिनिधियों के नारे लगाते रहे। सांसद, मेयर यहां तक कि पार्षद के पक्ष में भी नारेबाजी हुई। जनप्रतिनिधियों ने उन्हें टोका भी नहीं।
ये रहे मौजूद
राजा जनक दीपक गोयल, स्वागत मंत्री छोटेलाल बंसल, महेशचंद्र शर्मा, पार्षद नेहा गुप्ता, धर्मवीर सिंह, अतुल गुप्ता, विनय मित्तल, अनूप जिंदल, मनीष अग्रवाल, देवाशीष शर्मा आदि।