वर्ल्ड कप विजेता क्रिकेटर दीप्ति शर्मा को गिफ्ट मिली टाटा सिएरा, बोलीं.. बड़ा सोचो, बड़े सपने देखो
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार आलराउंडर दीप्ति शर्मा को महिला विश्व कप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए टाटा ...और पढ़ें

दीप्ति शर्मा टाटा सिएरा की चाबी प्राप्त करते हुए। साथ हैं अशोक ऑटो सेल्स की एमडी रंजना बंसल।
जागरण संवाददाता, आगरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार आलराउंडर दीप्ति शर्मा को महिला विश्व कप में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए टाटा ग्रुप की ओर से गुरुवार को सम्मानित किया गया। संजय प्लेस के अशोक कासमास माल में चैंपियन मीट्स चैंपियन नाम से कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में अशोक आटो सेल्स ने दीप्ति को टाटा सिएरा कार की चाबी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सौंपी। दीप्ति ने युवाओं के लिए सलाह दी कि बड़ा सोचो, बड़े सपने देखो लेकिन अनुशासन के साथ स्थिरता जरूरी है। तभी सफलता निश्चित मिलेगी।
यह सम्मान टाटा ग्रुप की ओर से महिला विश्व कप जीतने वाली पूरी भारतीय महिला टीम के हर खिलाड़ी को दिया गया। शहर में हुए कार्यक्रम का आयोजन अशोक आटो सेल्स की प्रबंध निदेशक डा. रंजना बंसल ने किया। शुभारंभ के दौरान पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, विधायक डा. जीएस धर्मेश, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन रहे।
कार्यक्रम में दीप्ति को 51 गेंदों से बनी खास माला पहनाई गई। टी विद दीप्ति सत्र में दीप्ति ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा उनकी सफलता का सबसे बड़ा राज उनके भाई सुमित का त्याग है। माता-पिता का भी पूरा साथ मिला। फिलहाल उनके लिए क्रिकेट ही सबकुछ है। उन्होंने बताया कि पुलिस की वर्दी पहनना उनके लिए देशभक्ति का जज्बा जगाता है।
हर शाम सोने से पहले हनुमान चालीसा पढ़ती हैं। मां के हाथ के पराठे और जीत के बाद गोलगप्पे उन्हें सबसे अधिक पसंद हैं। मौके पर डा. कुंदनिका शर्मा, सुधीर नारायण, राजेंद्र सचदेवा, वत्सला प्रभाकर, शीला बहल, अशु मित्तल, रीता मौजूद रहीं।
