CoronaVirus in Unlock 3.0: हर दिन फूट रहा कोरोना बम, चाैंका देगा लॉकडाउन के हर चरण का आंकड़ा
CoronaVirus in Unlock 3.0 अगस्त में 1097 कोरोना संक्रमित हुए। तेजी से फैल रहा संक्रमण।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले एक महीने में 1097 लोग संक्रमित हुए। अब तक सबसे अधिक संक्रमितों की संख्या अगस्त में बढ़ी है। इसके बावजूद लोग चेत नहीं रहे। एक से 31 अगस्त के बीच अनलॉक प्रक्रिया तीन के तहत लोगों को काफी छूट दी गईं। बाजारों पर लगे प्रतिबंध भी हटा लिए गए। कोविड-19 की रोकथाम के लिए 55 घंटे का प्रतिबंध जरूरी लागू रहा। मगर, इसके सकारात्मक परिणाम नजर नहीं आए। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सबसे अधिक कोरोना संक्रमित इसी महीने हुए। बाजारों में भीड़ उमड़ी। अधिकांश लोगों ने शारीरिक दूरी का पालन तो दूर मास्क तक लगाना छोड़ दिया। अनलॉक तीन में सरकारी कार्यालयों में भी सबसे अधिक संक्रमण फैला।
ये रही स्थिति
लॉकडाउन पहला चरण (25 मार्च से 14 अप्रैल ) : 25 मार्च तक शहर में सिर्फ 8 लोग ही कोरोना पॉजिटिव थे। मार्च में सिर्फ 12 मामले ही सामने आए थे। जबकि लॉकडाउन का पहले चरण के खत्म होने तक जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 150 पहुंच गई थी। यानी पहले लॉकडाउन में कुल 142 कोरोना संक्रमित हुए।
लॉकडाउन दूसरा चरण (15 अप्रैल से 3 मई) : इस चरण में जिले में संक्रमितों की संख्या 597 हो गई। दूसरे चरण में 428 मामले बढ़े। लॉकडाउन तीसरा चरण (4 से 17 मई) : इस चरण में जिले में कुल संक्रमित 807 हो गए। तीसरे चरण में कुल 186 मामले ही बढ़े।
लॉकडाउन चौथा चरण (18 से 31 मई) : इस चरण में संक्रमितों का ग्राफ 899 पर पहुंचा। इस चरण में सिर्फ 92 नये मामले सामने आए। अनलॉक वन (1 से 30 जून) : एक महीने में 328 कोरोना संक्रमित बढ़े। 30 जून तक कोरोना संक्रमितों का ग्राफ 1227 पर पहुंच गया।
अनलॉक दो (1 से 31 जुलाई) : एक महीने में 577 कोरोना संक्रमित बढ़े। 31 जुलाई तक कोरोना संक्रमितों का ग्राफ 1804 पर पहुंच गया।
अनलॉक दो (1 से 31 अगस्त) : एक महीने में 1097 कोरोना संक्रमित बढ़े। 31 अगस्त तक कोरोना संक्रमितों का ग्राफ 2901 पर पहुंच गया।