आंबेडकर विवि के छात्र सीखेंगे चेक गणराज्य से नैनो टेक्नोलॉजी Agra News
चेक गणराज्य के विदेश मंत्री ने विवि का किया दौरा। ताजमहल जैसी एतिहासिक इमारतों के संरक्षण के लिए मिलकर काम करने की कही बात।
आगरा, जागरण संवाददाता। चेक गणराज्य के विदेश मंत्री के नेतृत्व में आए प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को डॉ. बीआर आंबेडकर विवि में शैक्षिक गतिविधियों का जायजा लिया। विदेश मंत्री ने विश्वविद्यालय के साथ शैक्षिक उन्नयन के लिए साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई। उन्होंने ताजमहल जैसी एतिहासिक इमारतों के संरक्षण की बात कही, जिससे आने वाली पीढिय़ां इन्हें देख सकें। इसके लिए भारत के साथ काम करने की इच्छा भी जताई।
दोपहर ढाई बजे चेक गणराज्य के विदेश मंत्री टॉमस पेट्रिसेक अपनी पत्नी इवा पेट्रिकोवा और नौ सदस्यीय दल के साथ विवि के खंदारी परिसर पहुंचे। कुलपति डॉ. अरविंद दीक्षित ने उनका स्वागत किया। विवि के अतिथि गृह में विवि में चल रहे पाठ्यक्रम और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत की जानकारी देने के लिए प्रजेंटेशन दिया गया। विवि के प्रो. अजय तनेजा ने विवि के सभी कैंपस और चलने वाले कोर्स की जानकारी दी। डॉ. आरके शर्मा ने योगा के बारे में बताया। डॉ. यूएन शुक्ला ने ब्रज के पर्यटन स्थल, सांस्कृतिक आयोजन राम बरात, सावन मेले, जनकपुरी आयोजन के बारे में बताया। चेक गणराज्य के विदेश मंत्री टॉमस पेट्रिसेक ने कहा कि उनके यहां नैनो टेक्नोलॉजी, इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी, साइंस पर बहुत काम हो रहा है। वह चाहते हैं विवि और उनके बीच में शैक्षिक समन्वय हो जिससे संस्कृति, टेक्नोलॉजी, कला का आदान प्रदान हो सके। इस पर कुलपति ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि उनके यहां चीन की चिकित्सा पद्धति को अपनाया जाता है लेकिन वो भारतीय चिकित्सा पद्धति को भी अपनाना चाहते हैं। कुलपति ने प्रतिनिधिमंडल को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस दौरान रजिस्ट्रार केएन सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. मनोज श्रीवास्तव, प्रो. संजीव शर्मा, प्रो. बृजेश रावत, प्रो. भारती सिंह, प्रो. भूपेंद्र स्वरूप शर्मा, प्रो. शरद उपाध्याय, प्रो. वीके सारस्वत और डॉ. गिरजाशंकर शर्मा आदि उपस्थित रहे।
एजूकेशनल टूरिज्म को दें बढ़ावा
चेक गणराज्य के राजदूत मिलान होवोर्क ने विवि में एजूकेशनल टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि चेक गणराज्य से हर साल 10 हजार लोग भारत आते हैं, इसमें से नौ हजार लोग आगरा आते हैं। ऐसे में यहां ऐसी व्यवस्था हो कि वहां के छात्र यहां पर आएं तो ताज के साथ वो अन्य स्थानों को भी देख सके।
वेस्ट मैटेरियल से बनी कलाकृति भी देखी
प्रतिनिधि मंडल ने खंदारी परिसर में वेस्ट मैटेरियल से बनी कलाकृति देखीं। विदेश मंत्री की पत्नी इवा पेट्रिकोवा ने कलाकृति बनाने वालों की सराहना की।
अब भारतीय राजनीति को भी जान गया
विदेश मंत्री ने विवि के अधिकारियों से बात करते हुए मजाकिया लहजे में कहा कि भारतीय संस्कृति और भारतीय मूल्यों को पहले से जानता था, लेकिन अब भारतीय राजनीति को भी जान गया हूं।
ताज पर फिदा हुईं इवा
अंबेडकर विवि में आने से पहले विदेश मंत्री ताजमहल देखने पहुंचे। उनकी पत्नी इवा पेट्रिकोवा को ताज बेहद पसंद आया। हल्की बारिश के बीच खुशनुमा मौसम में सफेद संगमरमरी इमारत का दीदार के दौरान उन्होंने खूब फोटो खिंचाए। उन्होंने कहा कि मेरी बरसों की ख्वाहिश आज पूरी हुई है।