Cyber Crime: सावधान! साइबर पर सक्रिय है नाइजीरियन गैंग, इस तरह बना रहे शिकार
Cyber Crimeकंपनी और सरकारी संस्थाओं की फर्जी वेबसाइट बना फंसा रहे जाल में। निष्क्रिय बीमा पॉलिसी का क्लेम दिलाने के नाम पर कर रहे ठगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। साइबर पर नाइजीरियन हैकर्स का गैंग सक्रिय है। इनका नया पैतरा बंद पड़ी बीमा पॉलिसी हैं। ऐसी पॉलिसी धारक को प्रलोभन देकर पहले खाते में रकम जमा कराते हैं फिर खाता बंद कर देते हैं। इन्हें कुछ भारतीय लोगों का भी साथ मिला हुआ है। शहर में एक व्यवसायी से हाल ही में इस गैंग ने 1.32 करोड़ की ठगी की। इसकी जांच के दौरान टीम को इस गैंग के बारे में जानकारी मिली है। गैंग में शामिल नाइजीरियन समेत तीन शातिरों के करीब तक पुलिस पहुंच गई है।
रेंज साइबर थाने में बीते दिनों व्यवसायी प्रताप सिंह चाहर ने साइबर ठगी की शिकायत की थी। व्यवसायी की कई बीमा पॉलिसी निष्क्रिय थीं। गूगल पर आइआरडीए की वेब साइट सर्च करने के दौरान वह शातिरों द्वारा बनाई फेक वेबसाइट खोल बैठे। इस पर क्लेम लेने के नियम सर्च किए तो वह जाल में फंसते चले गए। शातिर मार्जिन मनी और अन्य बहानों से धीरे-धीरे अलग-अलग खातों में 1.32 करोड़ रुपये जमा कराते गए। समय सीमा में कारोबारी को क्लेम नहीं मिला तो उन्हें शक हुआ। ठगी में इस्तेमाल किए गए खातों की जांच में चौंकाने वाली जानकारी मिली हैं।
सूत्रों के मुताबिक यह अंतरराष्ट्रीय गैंग है। इसमें नाइजीरियन हैकर सक्रिय हैं। दिल्ली में बैठे नाइजीरियन हैकर के अलावा बिजनौर और दिल्ली के कुछ शातिर भी गैंग के मुख्य सदस्य हैं। गैंग के बारे में जानकारी होने के बाद साइबर थाने की टीम इनकी गिरफ्तारी को दबिश दे रही है।
आइजी ए सतीश गणेश ने बताया कि निष्क्रिय बीमा पॉलिसी का क्लेम दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया था। रेंज साइबर थाने की टीम इसकी जांच कर रही है। जल्द ही गैंग का पर्दाफाश किया जाएगा।