ताजनगरी में पर्यटकों को आकर्षित करेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम Agra News
सर्दियों में होंगे आयोजन फूड फेस्टिवल फोटोग्राफी प्रतियोगिता होंगे। कमिश्नर ने बनाई है अधिकारियों की समिति रात्रि में किया जाएगा आयोजन।
आगरा, जागरण संवाददाता। दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल के शहर में पर्यटकों के रात्रि प्रवास को बढ़ावा देने को पहल होती नजर आ रही है। यहां सर्दियों में शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूड फेस्टिवल, फोटोग्राफी प्रतियोगिता व प्रदर्शनी के आयोजन कराए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों की समिति भी बनाई गई है।
ताजनगरी में पर्यटकों के लिए नाइट टूरिज्म के आकर्षण का अभाव है। इसके चलते यहां पर्यटकों के रात्रि प्रवास में वर्ष दर वर्ष गिरावट आ रही है। वर्ष 2018 में ताज के दीदार को आगरा आने वाले विदेशी पर्यटकों में से केवल 53.82 फीसद ने ही रात्रि प्रवास किया था, जबकि वर्ष 2017 में यह आंकड़ा 57.01 फीसद था। पर्यटन उद्यमी लंबे समय से पर्यटकों के रात्रि प्रवास को बढ़ावा देने के लिए रात को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की मांग उठाते रहे हैं। पर्यटन उद्यमियों की मांग पर कमिश्नर अनिल कुमार ने पहल की है। उन्होंने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए शीतकाल में रात में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को समिति बनाई है। एडीएम सिटी को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। एडीए सचिव, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी, अधीक्षण पुरातत्वविद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, उपनिदेशक पर्यटन को सदस्य बनाया गया। टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के सचिव समिति में सदस्य/संयोजक बनाए गए हैं। संयोजक को समिति को कार्यक्रमों के आयोजन का प्रस्ताव देना होगा।
यहां कार्यक्रम कराने की योजना
-ग्यारह सीढ़ी, शाहजहां गार्डन व आगरा किला के सामने राजकीय उद्यान विभाग द्वारा विकसित किए गए गार्डन में लेजर शो व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन।
-ताज नेचर वाक में सांस्कृतिक कार्यक्रम।
-वीकेंड्स पर फूड फेस्टिवल।
-फोटोग्राफी प्रतियोगिता व प्रदर्शनी का आयोजन।
पर्यटकों के प्रवास की स्थिति
-वर्ष 2017 में ताज के दीदार को 857456 विदेशी पर्यटक आगरा आए। इनमें से 488862 ने रात्रि प्रवास किया।
-वर्ष 2018 में ताज के दीदार को 908722 विदेशी पर्यटक आगरा आए। इनमें से 489061 ने रात्रि प्रवास किया।