Mudiya Mela: मुड़िया पूर्णिमा पर होगी गोवर्धन में करोड़ों की धन वर्षा, दानघाटी मंदिर में उठा 1.19 करोड़ का ठेका
Mudiya Mela गोवर्धन में रोजाना मजबूत हो रहा अर्थ व्यवस्था का सेंसेक्स। प्रमुख मंदिरों से होगी 3.78 करोड़ की धनवर्षा दानघाटी मंदिर की भेंट का ठेका 1.19 करोड़ में उठा। मुड़िया मेला का आयोजन मेला 10 से 14 जुलाई तक है।
आगरा, जागरण टीम। श्रद्धालुओं की बेहिसाब आस्था के प्रतीक पांच दिवसीय मुड़िया पूर्णिमा मेला में ब्रजभूमि का ऐश्वर्य नजर आएगा। प्रमुख मंदिरों से धनवर्षा का आंकलन 3.78 करोड़ से लगाया है। दो साल से कोरोना काल का दंश झेल रही तलहटी अब मजबूत अर्थ व्यवस्था को लेकर उत्साहित है। गोवर्धन में प्रतिवर्ष पांच दिवसीय राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला का आयोजन आषाढ़ पूर्णिमा पर होता है। इस बार मेला 10 से 14 जुलाई तक है।
गोवर्धन पर्वत को भगवान श्रीकृष्ण का साक्षात स्वरूप मानकर भक्त गिरिराजजी नाम से बुलाते हैं। इनकी 21 किमी की परिक्रमा है, श्रद्धालु अनवरत परिक्रमा करत रहते है। मेला में करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। आषाढ़ महीने की पूर्णिमा को ही गुरू पूर्णिमा, मुड़िया पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। इस साल 466 वां मुड़िया महोत्सव मनाया जाएगा। दो साल बाद मेला के आयोजन को लेकर तलहटी में उत्साह और अपेक्षा है। सेवायतों ने भी मंदिरों की भेंट ठेका 3.78 में लेकर तलहटी में होने वाली धन वर्षा का आगाज कर दिया है। मंगलवार को दानघाटी मंदिर की भेंट का ठेका 1.19 करोड़ में दीपू ने लिया है। मुकुट मुखारविंद मंदिर की भेंट का ठेका 1.37 करोड़ में मनोज शर्मा ने लिया है। जतीपुरा मुखारविंद मंदिर की भेंट का ठेका दीपू ने 74 लाख में लिया है। हर गोकुल मंदिर की भेंट का ठेका 42 लाख में जैकी शर्मा ने लिया है तो लक्ष्मी नारायण मंदिर की भेंट का ठेका छह लाख में उठा है। यानी प्रमुख मंदिरों की भेंट का ठेका 3.78 में उठा है। जोकि ब्रजभूमि की मजबूत अर्थ व्यवस्था की ओर इशारा कर रही है। इसे लेकर स्थानीय व्यापारियों में उत्साह है।