आधी रात के बाद महिला की गोली मार हत्या, बदमाश और पति दोनों पहलू जांच रही पुलिस Agra News
नगला परमाल की घटना। पति ने लूट के बाद बदमाशों के गोली मारने की बात कही। मृतका के परिजनों ने दी पति के खिलाफ हत्या की तहरीर। पति हिरासत में।
आगरा, अली अब्बास। रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में भाग लेकर घर वापस पहुंची महिला की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना को अंजाम शुक्रवार आधी रात के बाद अंजाम दिया गया। बदमाश घर के अंदर ही छिपे हुए थे। जब तक गोली की आवाज सुनकर पति घर पहुंचा, तब तक बदमाश भाग निकले। गोली लगने के बाद महिला को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शनिवार तड़के से ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। बदमाशों की तलाश जारी है। इधर घटना का दूसरा पहलू यह भी सामने आया है कि पति ने ही पत्नी की हत्या की है क्योंकि उसके किसी और महिला से संबंध थे। पुलिस पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ये वारदात कागारौल के गांव नगला परमाल में शुक्रवार आधी रात के बाद हुई है। पति का कहना है कि बदमाश सवा लाख रुपये लूटकर ले गए हैं। घटना की जानकारी होने पर एसएसपी बबलू कुमार मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी शनिवार तड़के घटनास्थल पर बुला लिया गया।
नगला परमाल निवासी शिक्षक नेत्रपाल और उनकी पत्नी रेखा (28 वर्ष) शुक्रवार की रात परिचित के यहां पास के गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। नेत्रपाल पत्नी को आधी रात के बाद बाइक से छोड़ने के लिए घर आए थे। उन्हें घर के दरवाजे पर छोड़ने के बाद वह बाइक से कुछ ही दूर गए होंगे कि इसी बीच गोली चलने की आवाज़ सुनकर वह लौटकर आए तो उन्होंने रेखा को घर के अंदर खून से लथपथ पाया। रेखा की पीठ में गोली मारी गई थी। पुलिस को सूचना देने के बाद वे पत्नी रेखा को दिल्ली गेट स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने रेखा को मृत घोषित कर दिया।
पति नेत्रपाल ने पुलिस को बताया कि बदमाश घर मे रखे सवा लाख रुपये लूटकर ले गए। इससे आशंका है कि बदमाश घर मेंं पहले से मौजूद थे। रेखा को अंदर आता देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की होगी। उन्हें देखकर रेखा ने शोर मचाने या रोकने की कोशिश की होगी तो उसे गोली मार दी। मौके पर पहुंचे एसएसपी बबलू कुमार ने घटनास्थल पर छानबीन शुरू की। पुलिस लूटपाट के अलावा हत्या की घटना की कई पहलुओं से जॉच कर रही है। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर कुछ चीज़ें मिली हैं। इससे पुलिस को उम्मीद है कि वह जल्द ही रेखा की हत्या करने वालों तक पहुंच जाएगी। एसएसपी बबलू कुमार ने हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए कई टीम लगाई है। अभी कुछ देर पहले एसपी ग्रामीण रवि कुमार भी दिल्ली गेट स्थित अस्पताल पहुंचे हैं और परिजनों ने जानकारी कर रहे हैं।
पति पर हत्या का आरोप
मृतका रेखा के पिता रोशन सिंह ने बताया कि 10 साल पहले बेटी की शादी नगला परमाल अकोला निवासी नेत्रपाल पुत्र राजन सिंह से की थी। शादी के कुछ दिन बाद नेत्रपाल के संबंध किसी अन्य युवती के साथ सामने आए थे। इसे लेकर रेखा और नेत्रपाल में कहासुनी होती थी। कई बार नेत्रपाल को समझाया भी गया था लेकिन नेत्रपाल में सुधार नहीं आया। रोशन सिंह का आरोप है कि शुक्रवार की रात नेत्रपाल के मोबाइल में रेखा ने कुछ संदिग्ध देखा, जिसे लेकर रेखा और नेत्रपाल में कहासुनी हुई। उसके बाद मारपीट हो गई। नेत्रपाल ने तमंचे से दो गोली रेखा में मार दी। एक गोली पेट में, दूसरी गोली पीठ में जा लगी। आनन-फानन में आसपास के ग्रामीण रेखा को अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नेत्रपाल किसान है। रोशन सिंह थाना कागरोल में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर लिख रहे हैं। पुलिस ने नेत्रपाल को भी पूछताछ के लिए रास्ते से हिरासत में ले लिया है।