शातिर हुए सतर्क, शादियों में रंग में भंग डालने को अब ये अपनाने लगे हैं पैंतरा Agra News
ताजगंज पुलिस ने शादी से बैग पार करने वाले तीन आरोपितों को दबोचा। दुल्हन के पिता से उड़ाया था बैग नकदी और जेवरात किए बरामद।
आगरा, जागरण संवाददाता। शातिर शादियों में वेटर बनकर रेकी करते थे। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन के स्वजनों के नकदी और जेवरात से भरा बैग पार करते थे। दो दिन पहले ताजगंज में एक शादी समारोह से दुल्हन के पिता का बैग पार करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनसे चोरी किए जेवरात और नकदी बरामद किए हैं।
सीओ सदर विकास जायसवाल ने बताया शातिरों का सरगना राजेश उर्फ बहर निवासी बादामी नगर, शालिग्राम विहार ताजगंज है। उसके अलावा गिरफ्तार अन्य आरोपितों के नाम सोनू और करन निवासी लाल मस्जिद, बल्केश्वर हैं। शातिरों ने &1 जनवरी की रात को ताजगंज के रॉयल गार्डन में शादी समारोह से बैग चोरी किया था। सिकंदरा निवासी प्रदीप अग्रवाल की बेटी की शादी का कार्यक्रम था। दुल्हन के स्वजनों से नकदी-जेवरात से भरा बैग लेकर भाग गए थे।
राजेश ने पूछताछ में बताया कि उसका भाई करन शादियों में क्रॉकरी का काम करता है। उसी के माध्यम से वह शादियों में वेटर बनकर काम करते थे। इस दौरान दूल्हा और दुल्हन के किस स्वजन के पास बैग है, इसकी रेकी कर लेते थे। मौका मिलते ही बैग पार कर चुपचाप निकल जाते। सीओ ने बताया शातिरों से बैग में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपये बरामद किए हैं। उन्हें गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर ताजगंज अनुज कुमार, एसआइ मनोज भाटी आदि थे।
बच्चों से चोरी कराने का बदला पैंतरा
शादी समारोह में अभी तक बच्चा गैंग से चोरी कराई जाती थी। मगर, लोग अब सतर्क हो गए हैं। वह गिरोह से जुड़े बच्चों को भी पहचान लेते हैं। शातिरों ने बताया कि इसके चलते उन्होंने अपना पैंतरा बदल दिया। वेटर बनकर रेकी करने लगे। राजेश ने बताया कि वह शादी समारोहों में पहले भी पहले भी दो घटनाएं कर चुका है। एक बार समारोह से मोबाइल और दूसरी बार बैग चोरी किया था।
ये बरतें सतर्कता
शादियों के दौरान यह गिरोह सक्रिय हो जाते हैं। जरा सी सतर्कता बरतते हुए इन गिरोहों के शिकार होने से बच सकते हैं।
- यदि कोई अजनबी बच्चा या वेटर देर तक आपके आसपास मंडराता दिखे तो सतर्क हो जाएं। उनके बारे में जानकारी करें।
- गिरोह के लोगों की नजर दूल्हा-दुल्हन के उन स्वजनों पर रहती है, जिनके पास जेवरात का बैग होता है। बैग को सोफे या जमीन पर नहीं रखें, परिवार के किसी सदस्य के हाथ में दें।
- मैरिज होम के गार्ड को हिदायत दें कि वह आने-जाने वालों पर नजर रखे। यदि कोई संदिग्ध दिखाई दे तो वह उसके बारे में उन्हें बताए।