कोहरे के कहर से परिवार में मचा कोहराम, दंपती के साथ हुआ दर्दनाक हादसा Agra News
कोहरे के चलते बाइक समेत नहर में गिर गए थे दंपती। पति की मौत।
आगरा, जागरण संवाददाता। घने कोहरे के चलते बुजुर्ग दंपती रविवार की देर रात बाइक समेत नहर में गिर पड़े। ग्रामीणों ने महिला को बचा लिया। मगर उसके पति का शव सोमवार दोपहर नहर से पुलिस ने कई घंटे चली मशक्कत के बाद बरामद किया।
इरादत नगर के फूलपुर निवासी मुकेश (55 वर्ष) अपनी पत्नी आशा के साथ सदर के राजपुर चुंगी में रहने वाले बेटे के यहांं आये थे। रविवार की देर रात पति- पत्नी बाइक से घर लौट रहे थे। कोहरा अधिक होने के कारण मुकेश को नहर नहीं दिखाई दी। वह पत्नी और बाइक समेत देवरी नहर में गिर गए। पास ही अलाव तापते ग्रामीणों ने दंपती के साथ हादसा होते जैसे ही देखा वे मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते महिला को तो निकाल लिया। थोड़ी और कोशिश करने पर बाइक भी बरामद हो गई लेकिन तबतक नहर के तेज बहाव के साथ मुकेश उसमें बह गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्कयू के लिए टीम बुलाकर नहर में मुकेश को खोजना शुरू किया। सोमवार दोपहर में उनका शव बरामद कर लिया गया है। मुकेश के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी आशा का रो रोकर बुरा हाल है।