पहली बार पता चलेगा भक्तों का सटीक आंकड़ा, मुड़िया मेला में श्रद्धालुओं की गिनती Agra News
परिक्रमा मार्ग के प्रवेश द्वार पर लगेंगे कैमरे।
आगरा, जेएनएन। गिरिराज जी की सात कोस की परिक्रमा लगाकर कितने लोग अपनी मनोकामना पूरी होने का आशीर्वाद ले गए। अभी तक इसका सिर्फ एक अनुमानित आंकड़ा ही पर्व रजिस्टर में दर्ज होता रहा है। पहली बार एक सटीक आंकड़ा मालूम करने की कोशिश विकास प्राधिकरण करने जा रहा है। इसके लिये नोएडा की एक आईटी कंपनी गोवर्धन के प्रवेश द्वार पर कैमरे लगाने के लिए जा रही है। शनिवार को इसका डेमो किया जाएगा।
गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेला 11 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। यह 16 जुलाई तक अपने चरम पर पहुंच कर खत्म हो जाएगा। मेला में लाखों लोग देश भर से परिक्रमा देने के लिए आते है। रेल, बस और निजी वाहनों के अलावा पैदल भी श्रद्धालुओं के समूह के समूह गोवर्धन पहुचंते है। इस भीड़ का आकलन रेलवे, रोडवेज और निजी वाहनों की संख्या के आधार पर ही लगाया जाता रहा है। दूसरा दानघाटी मंदिर से परिक्रमा को एक मिनट में निकलने वाली भीड़ को गिनती का आधार बनाया जाता रहा है। सात कोस में पांच दिन तक बनने वाली मानव श्रृंखला के इसी आकलन पर कभी भीड़ 60 लाख तो कभी 80 लाख तक पहुंच जाने के दावे किए जाते रहे है। यहां तक माना जाता है कि एक करोड़ लोग इस पर्व पर गिरिराज जी शरण में आते है। इस भीड़ का सही आकलन करने के लिए पहली बार मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण परिक्रमा के प्रवेश मार्ग पर कैमरे लगवा कर गिनती कराने के लिए जा रहा है। विप्रा उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप ने बताया कि नोएडा की एक आईटी कंपनी अपने कैमरे लगयेगी जो एक एक व्यक्ति की गिनती करेंगे। एक-दो दिन में कंपनी अपना डेमो करके भी यहां दिखाएगी। ये कितना सफल होगा। डेमो के बाद ही पता चलेगा।
25 कैमरे कंट्रोल रूम से जुड़े
गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में करीब 32 कैमरे लगे हुए हैं । जो भीड़ पर नजर रखते है। अभी तक 25 कैमरे कंट्रोल रूम से जोड़े जा चुके है। शेष को जोड़ने का काम चल रहा है। इनका कंट्रोल रूम थाना गोवर्धन में बनाया गया है।