Count down begins: घड़ी की सुई के साथ बढ़ रही प्रत्याशियों की धड़कन
सुबह पूजा-पाठ करने के बाद समर्थकों से चर्चा कर मतगणना स्थल पर पहुंच रहे हैं उम्मीदवार। राज बब्बर और एसपी सिंह बघेल ने डाला डेरा। मुलायम और हेमा का इंतजार।
आगरा, जेएनएन। आंखों में सारी रात गुजारने के बाद सुबह भी बेचैनी का आलम बरकरार रहा। जल्दी ही नहाकर पूजा-पाठ कर समर्थकों के साथ चर्चा का दौर चला। इसके बाद मतगणना स्थल की ओर रवानगी हो गई। लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे ब्रज मंडल के प्रत्याशियों का हाल गुरुवार को यही रहा।
आगरा मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल पर आगरा और फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र की मतगणना हो रही है। सीकरी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर और आगरा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल सबसे पहले मतगणना स्थल पर पहुंच गए। समर्थकों से यहां भी बातचीत की और एजेंट्स से भी राय-मशविरा किया।
मथुरा में गठबंधन प्रत्याशी कुं. नरेंद्र सिंह और कांग्रेस से महेश पाठक भी मतगणना स्थल पर पहुंच चुके थे। भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी अपने ओमेक्स सिटी स्थित घर पर ही समर्थकों के साथ चर्चा कर रही हैं। वे दोपहर में मतगणना स्थल पर पहुंचेंगी।
फीरोजाबाद में भाजपा प्रत्याशी डा. चंद्रसेन जादौन, सपा प्रत्याशी अक्षय यादव और प्रसपा प्रत्याशी शिवपाल के पुत्र आदित्य यादव मौके पर थे। एटा में भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह और गठबंधन प्रत्याशी देवेंद्र सिंह मोर्चा संभाले हुए हैं।
मैनपुरी में भाजपा प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य सुबह से ही मतगणना स्थल पर डेरा जमाए हैं। जबकि सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव फोन पर ही मतगणना का जायजा ले रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप