CoronaVirus: अब अस्थायी जेल में तीन आरोपित संक्रमित, बाकि किये गए क्वारंटाइन
CoronaVirus 17 बंदियाें की कराई गयी थी दोबारा जांच। साथ रहने वाले अन्य आरोपितों को किया क्वारंटाइन।
आगरा, जागरण संवाददाता। अस्थायी जेल में निरुद्ध तीन बंदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे जेल में उनके साथ रखे गए अन्य आरोपितों में हड़कंप की स्थिति है। जिन तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है, उन्हे शनिवार को सिकंदरा हाईवे स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में आइसोलेट कर दिया गया है।
लॉकडाउन के दौरान हरीपर्वत चौराहे के पास स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज में अस्थायी जेल बनायी गयी थी। विभिन्न थानों के गंभीर अपराधों में गिरफ्तार करके 14 दिन के लिए यहां रखा जाता है। इसके बाद उनकी कोरोना वायरस की जांच कराई जाती है। इसकी रिपोर्ट निगेटिव आने पर आरोपितों को जिला जेल मे दाखिल किया जाता है। यहां पर भी उन्हें दो सप्ताह तक विशेष बैरक में रखने की व्यवस्था है। अस्थायी जेल में निरुद्ध 50 आरोपितों का पिछले दिनों कोरोना वायरस टेस्ट कराने के लिए सैंपल लिया गया था।
इनमें 31 आरोपितों की रिपोर्ट निगेटिव आयी। जबकि 17 आरोपितों का कोरोना टेस्ट कराने के लिए दोबारा सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था। इनमें से तीन आरोपितों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके चलते उनके साथ रखे गए अन्य आरोपितों को अलग क्वारंटीन किया गया है। अस्थायी जेल में इस समय 159 आरोपित हैं। जिला जेल अधीक्षक शशिकांत मिश्रा ने बताया संक्रमित तीनों बंदियों को आइसोलेट कर दिया गया है। बता दें कि पिछले दिनों आगरा की जिला जेल और केंद्रीय कारागार में दर्जनभर से अधिक बंदी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। कई बंदियों की मौत लंबी बीमारी और वायरस की चपेट में आने भी हो गई थी। इसके बाद से सभी जेल में अतिरिक्त एहतियात बरती जा रही है। जिला और केंद्रीय कारागार में तो लॉकडाउन के दौरान मिलाई पर भी रोक लगा दी गई थी। इसके बाद अनलॉक होने पर जेल में बंद बंदियों तक उनके परिजनों द्वारा आवश्यक सामान भेजने की छूट दे दी गई। इसके बाद भी जेलों में सेनिटाइजेशन और शारीरिक दूरी का खास ख्याल रखा जा रहा है।