CoronaVirus in Agra: सरकारी कार्यालयों में हो रही बस रस्म अदायगी, कैसे हो संक्रमण से बचाव
बिना मास्क वालों को दिया गया प्रवेश टूटे छह फीट की दूरी के नियम। कलक्ट्रेट नगर निगम विकास भवन में कम पहुंचे फरियादी।
आगरा, जागरण संवाददाता। तीन दिवसीय अवकाश के बाद मंगलवार को सरकारी कार्यालय खुले। जिस तरीके से कार्यालयों में कोरोना से बचाव के इंतजाम होने चाहिए। वह नहीं किए गए। यह हाल तब रहा जब फरियादियों की संख्या कम रही। कार्यालयों में लोग बिना मास्क के घूमते रहे।
सिर्फ नाम के इंतजाम
कलक्ट्रेट में एसएसपी कार्यालय, सीटीओ सहित अन्य कार्यालय हैं। जहां कोरोना से बचाव के इंतजाम नहीं दिखे। गेट पर एक सिपाही थर्मल स्क्रीनिंग मशीन लेकर जरूर बैठा था लेकिन जिस तरीके से हर किसी की जांच होनी चाहिए। वह नहीं की जा रही थी। प्रशासनिक अफसरों के कार्यालय में प्रवेश करने के दौरान जरूर लोगों के हाथों को सेनिटाइज कराया जा रहा था।
बिना मास्क घूमते रहे लोग
सुबह 11 बजे। नगर निगम गेट पर सेनिटाइजेशन के लिए टनल लगी हुई है। जिस तरीके की सख्ती होनी चाहिए। वह नहीं दिखी। लोग बिना मास्क के कार्यालय में घूमते रहे पाए गए। यहां तक निगम के विभिन्न स्थलों पर थूंकते हुए भी दिखे।
दूरी के टूटे नियम
दोपहर 12 बजे। तहसील सदर में छह फीट की दूरी के नियम का उल्लंघन हुआ। निबंधन विभाग के पांच कार्यालयों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गेट पर सेनिटाइजेशन का कोई इंतजाम नहीं दिखा।
नहीं लागू हुआ वर्क फ्रॉम होम
दोपहर 12.30 बजे। विकास भवन में सभी अफसर व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कर्मचारी और फरियादियों की थर्मल स्क्रीङ्क्षनग की गई। इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। विकास भवन में आठ दिन भी वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था लागू नहीं हो पाई है।
आरटीओ कार्यालय में कागजी इंतजाम
दोपहर एक बजे। आरटीओ कार्यालय में दोपहर तक 240 स्थाई लाइसेंस और 110 अस्थाई लाइसेंस के लिए बायोमेट्रिक प्रक्रिया हुई। कार्यालय पहुंचने वाले आवेदकों की थर्मल स्क्रीन के लिए कोई नजर नहीं आया।
कम पहुंचे फरियादी
दोपहर 1.30 बजे। एडीए कार्यालय में सौ के करीब फरियादी पहुंचे। अन्य दिनों की तुलना में इनकी संख्या कम रही। गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश दिया गया। बिना मास्क के लोग घूमते रहे।
और दोपहर बाद हो गई छुट्टी
मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर मंगलवार दोपहर बाद अवकाश घोषित हो गया। मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी का आदेश दोपहर 12 बजे के आसपास पहुंचा। फिर डीएम प्रभु एन सिंह ने एक दिवसीय अवकाश और तीन दिवसीय राजकीय शोक के आदेश जारी किए। राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। हालांकि विभिन्न कार्यालयों में यह आदेश दोपहर दो बजे के बाद पहुंचा।