तब्लीगी जमात से लौटे CoronaVirus संक्रमित जमाती को पनाह देने पर 6 के खिलाफ मुकदमा
धौलपुर का युवक रुका था सदर के रोहता में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के घर। जमाती को रोकने और पुलिस को सूचित न करने पर दर्ज हुआ है मुकदमा।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर में तब्लीगी जमात से लौटकर आए जमातियों को पनाह देने के मामले में पहला मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सदर के रोहता क्षेत्र में धौलपुर के जमाती को एक परिवार ने अपने घर ठहराया था। जमाती के यहां आने की कोई जानकारी परिवार ने पुलिस को नहीं दी। बाद में जमाती यहां से धौलपुर रवाना हो गया। वहां जांच में उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने पुष्टि हुई है। पुलिस ने परिवार के छह लोगों के खिलाफ धारा 188 और 270 में मुकदमा दर्ज किया है।
दो दिन के अंदर शहर में तेजी से कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में इजाफ हुआ है। इसमें निजामुद्दी मरकज से तब्लीगी जमात होकर लौटे लोगों की संख्या अधिक है। ये लोग बिना किसी सूचना और जांच के शहर के अलग अलग हिस्सों में ठहर गए थे। इन्हें घर रोकने वालों ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। अब जब कोरोना वायरस संक्रमण की संख्या बढ़ती जा रही है तो पुलिस सख्ती से पेश आ रही है। मुकदमा दर्ज होने वालों में दो महिला और चार पुरुष शामिल हैं। बता दें कि धौलपुर राजस्थान के तब्लीगी जमात से लौटे कोरोना वायरस संक्रमित युवक ने शहर से सटे रोहता गांव में सनसनी फैला दी है। वह दो दिन पहले रोहता में अपने जीजा के घर रुका था। उसने मस्जिद में नमाज पढ़ाई और धर्म का प्रचार भी किया था। शुक्रवार शाम शाम को युवक के संपर्क में रहे मौलाना समेत 14 लोगों को क्वारंटाइन किया गया था। इनमें आठ के नमूने लिये गए। इसके अलावा ग्रामीणों के बताने पर पुलिस ने दो और परिवारों के बारे में जानकारी जुटाई। यह लोग जनवरी और फरवरी में निजामुद्दीन मरकज मस्जिद जा चुके थे। इन परिवारों के सभी 16 सदस्यों को जिला अस्पताल लाकर स्क्रीनिंग की गई। सभी को होम क्वारंटाइज की सलाह देकर घर जाने दिया गया।