Corona Vaccine: आगरा में आधी से ज्यादा आबादी ले चुकी कोरोना वैक्सीन की डोज, लक्ष्य अब भी दूर
कोरोना वैक्सीन की आगरा में लगाई जा चुकी हैं 1966397 डोज कुल 32 लाख लोगों को लगाई जानी है वैक्सीन। 16 जनवरी से लगाई जा रही वैक्सीन 1626449 लोगों के लगी पहली डोज। वैक्सीन की दो डोज लगवाने वालों की संख्या कम।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना वैक्सीन की आगरा में अब तक 1966397 डोज लगाई जा चुकी हैं। यहां 32 लाख लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जानी है। मगर, अभी 50 फीसद लोगों को ही वैक्सीन की पहली डोज लगी है। जबकि वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने वालों की संख्या कम है।
आगरा जनपद में 16 जनवरी से वैक्सीन लगाई जा रही है। अलग अलग चरण में वैक्सीन लगाई गई, अब 18 से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लग रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा एसके वर्मन ने बताया कि 18 से अधिक उम्र के लोगों की संख्या करीब 32 लाख है। 16 जनवरी से अब तक वैक्सीन की 1966397 डोज लगाई जा चुकी हैं। इसमें से 1602196 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है। इस तरह 50 फीसद लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है।
दोनों डोज लगवाने वालों की संख्या कम
वहीं, वैक्सीन की दो डोज लगने के 10 से 14 दिन बाद कोरोना वायरस के खिलाफ एंटीबाडीज बन रही हैं। ऐसे में वैक्सीन की दो डोज लगवाने वालों की संख्या कम है। हालांकि पहली डोज लगने के 28 दिन बाद भी एंटीबाडीज बन रही हैं और संक्रमित होने पर जान जाने का खतरा कम हो रहा है। कोवाक्सीन की दूसरी डोज 28 दिन बाद लगाई जा रही है, जबकि कोविशील्ड की दूसरी डोज 84 दिन बाद लग रही है। इसके चलते जिन लोगों ने कोविशील्ड लगाई है, उनका दूसरी डोज लगवाने के लिए तीन महीने बाद नंबर आ रहा है। अभी तक 364201 लोगों के वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं।
लक्ष्य पूरा करने में लगेगा समय
आगरा में कुल 32 लाख चिन्हित लोगों में से करीब 20 लाख लोग वैक्सीनेशन करा चुके हैं। लेकिन असली चुनौती तो अब सामने आएगी। दरअसल जो वैक्सीन लगवा चुके हैं, वे पढ़े-लिखे वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। ग्रामीण इलाकों और मलिन बस्तियों में रह रहे लोग, वैक्सीन लगवाने से डर रहे हैं, उनके मन में वैक्सीन को लेकर तमाम भ्रांतियां हैं, जो दूर नहीं हो पा रही है। वे ये मानकर चल रहे हैं कि उनका खान-पान ही ऐसा है कि उन्हें वैक्सीन लगवाने की जरूरत ही नहीं है। इसलिए शेष बचों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करना जरूरी है।