Congress Halla Bol: पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल
Congress Halla Bol सुभाष पार्क से कलक्ट्रेट तक किया कांग्रेसियों ने मार्च। राष्ट्रपति को नामित ज्ञापन एसीएम फिफ्थ को सौंपा। शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सोमवार को पेट्रोलियम पदार्थों के दाम निरंतर बढ़ाने और महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया।
आगरा, जागरण संवाददाता। पेट्रोल, डीजल व गैस सिलिंडर की मूल्य वृद्धि और खाद्य पदार्थों के महंगे होने के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। कांग्रेस कार्यकर्ता सुभाष पार्क पर एकत्र हुए और वहां से मार्च करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। रास्ते में केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अंत में उन्होंने एसीएम फिफ्थ को राष्ट्रपति को नामित ज्ञापन साैंपा। इसमें उन्हाेंने पेट्राेल, डीजल व गैस सिलिंडर के दाम कम करने की मांग की।
शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सोमवार को पेट्रोलियम पदार्थों के दाम निरंतर बढ़ाने और महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुभाष पार्क पर एकत्र हुए कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट तक मार्च किया और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। प्रदेश सचिव व आगरा प्रभारी योगेश तालान ने कहा कि भाजपा सरकार को आम जनता की कोई फिक्र नहीं है। आम जनता पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि अौर महंगाई से पिस रही है, लेकिन सरकार उसकी कोई सुध नहीं ले रही है। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार केवल अपने उद्योगपति मित्रों के लिए ही काम कर रही है। जनता की समस्याओं से उसे कोई लेना-देना नहीं है। तीन माह से अधिक समय से किसान धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार जबरन काले कृषि कानूनों को थाेपने का काम कर रही है। प्रदर्शन में विनोद बंसल, अशोक शर्मा, नंदलाल भारती, अजहर वारसी, रमेश पहलवान, आइडी श्रीवास्तव, अपूर्व शर्मा, अदनान कुरैशी, माया माहौर, बबली माहौर आदि मौजूद रहीं।
धूप में करना पड़ा इंतजार
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दोपहर 11 बजे सुभाष पार्क पहुंचने को कहा गया था। इसके बाद उन्हें 12 बजे कलक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपना था। कांग्रेस के प्रदेश सचिव और आगरा प्रभारी योगेश तालान के विलंब से आने की वजह से कांग्रेसियों को धूप में इंतजार करना पड़ा। तालान दोपहर 1:15 बजे सुभाष पार्क पहुंचे। इसके बाद कलक्ट्रेट का रुख किया गया।