पति को मारी थी ईट, मंदिर में जा लगी
आगरा, जेएनएन: एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के यमुना ब्रिज पर रविवार सुबह मंदिर क्षतिग्रस्त होने से तनाव फैल गया। मामला दो सम्प्रदायों का होने के कारण पुलिस सतर्क हो गई।
जासं, आगरा: एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के यमुना ब्रिज पर रविवार सुबह मंदिर क्षतिग्रस्त होने से तनाव फैल गया। मामला दो संप्रदायों का होने से फोर्स दौड़ पड़ा। मौके पर पहुंचने पर मामला कुछ और निकला।
यमुना ब्रिज निवासी एक बाबा ने अपनी जमीन पर मंदिर बना रखा है। इसमें पूजा-पाठ करते हैं, एक दुकान भी खोल रखी है। जिसके सामने रफीक और उसकी पत्नी सब्जी की ठेल लगाते हैं। शनिवार को पुलिस गणेश प्रतिमा विसर्जन को श्रद्धालुओं के निकलने के मद्देनजर अतिक्रमण हटवा रही थी। उसने दंपती से सब्जी की ठेल पर लगा तिरपाल हटाने को कहा। उन्होंने ठेल वहां से हटा बाबा की दुकान के सामने लगा दी। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। रविवार सुबह दंपती में आपस में झगड़ा होने लगा। पत्नी ने रफीक को ईट फेंक कर मार दी। वह पति को न लगकर मंदिर की दीवार से लगी। मंदिर की दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बाबा और आसपास के लोगों को लगा कि महिला ने जानबूझकर उसे तोड़ा है।
जानकारी होने पर इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। टकराव की आशंका पर फोर्स पहुंच गया। महिला ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस के सच्चाई बताने पर लोग शांत हुए। सतर्कता के चलते वहां पुलिस तैनात कर दी। इंस्पेक्टर कमलेश सिंह ने बताया दीवार हादसे के चलते क्षतिग्रस्त हुई थी। मामूली विवाद पर कई बार बिगड़ जाती है स्थिति: शहर में कई बार मामूली विवाद पर स्थिति बिगड़ चुकी है। ताजगंज, एत्माद्दौला, मंटोला और नाई की मंडी क्षेत्र ज्यादा संवेदनशील हैं।