Agra Smart City Project: कमिश्नर ने चलाया कार्रवाई का चाबुक, काली सूची में डाले लापरवाह ठेकेदार
Agra Smart City Project मंडलायुक्त ने की समीक्षा। कहा तेजी से कराए जाएं स्मार्ट सिटी के सभी कार्य। फतेहाबाद रोड के सुंदरीकरण सहित अन्य चल रहे हैं स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट।
आगरा, जागरण संवाददाता। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने सोमवार को कमिश्नरी में स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्य निर्धारित अवधि के भीतर कराए जाएं। समीक्षा में पाया गया कि कई प्राेजेक्ट धीमी गति से चल रहे हैं। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए। दाराशॉ कंपनी के अफसरों से कहा कि अगर ठेकेदार समय पर और गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं करते हैं तो ऐसे लापरवाह ठेकेदारों को चिन्हित करते हुए कार्रवाई की जाए। इन्हें काली सूची में भी डाला जाए। ऐसे निर्माण कार्य जिनकी एनओसी वन विभाग या फिर अन्य किसी विभाग से नहीं मिली है। उसे जल्द लिया जाए और कार्य को शुरू कराया जाए। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 105 करोड़ रुपये से फतेहाबाद रोड का सुंदरीकरण सहित अन्य कार्य चल रहे हैं। सर्किट हाउस रोड पर नाली का निर्माण किया जा रहा है। ताज पूर्वी गेट नाला, हेरिटेज वाक सहित अन्य कार्य शामिल हैं। डीएम प्रभु एन सिंह, एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह कुशवाहा, एसएसपी बबलू कुमार, नगरायुक्त निखिल टीकाराम सहित अन्य मौजूद रहे।
लगाए जाएं साइनेज
मंडलायुक्त ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की जानकारी देने के लिए साइनेज लगाने पर जोर दिया। यह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए जाएंगे।
अवैध होर्डिंग हटाने के आदेश
मंडलायुक्त ने फतेहाबाद रोड पर लगी अवैध होर्डिंग को हटाने के आदेश दिए। यह जिम्मेदारी नगरायुक्त और अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को दिया गया। जल्द संयुक्त अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग हटाई जाएंगी।
दूसरे नंबर पर है आगरा
देश में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में आगरा दूसरे नंबर पर है। पहले नंबर पर अहमदाबाद काबिज है। अगर शासन से 79 करोड़ रुपये का फंड मिल जाता है तो आगरा फिर से देश में नंबर वन बन जाएगा।
ये चल रहा है कार्य
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 105 करोड़ रुपये से फतेहाबाद रोड का सुंदरीकरण सहित अन्य कार्य चल रहे हैं। सर्किट हाउस रोड पर नाली का निर्माण किया जा रहा है। ताज पूर्वी गेट नाला, हेरिटेज वाक सहित अन्य कार्य शामिल हैं।