आगरा, जागरण टीम। एटा जिले के थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव फर्दपुरा में शादी समारोह में बरातियों और दुल्हन पक्ष के लोगों पर गांव के कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने फायरिंग कर दुल्हन की बड़ी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने व लाठी डंडों से किए गए हमले में चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गांव फर्दपुरा में ललिता की बरात फर्रुखाबाद जिले के थाना कमालगंज के गांव मेहरूपुर से आई थी। शनिवार सुबह चार बजे कन्यादान हो रहा था। तभी कुछ ग्रामीणों ने बरातियों पर रंग डालना शुरू कर दिया। इसका लड़की पक्ष और बरातियों ने विरोध किया तो कहासुनी हो गई और झगड़ा बढ़ गया, इतने में हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से दुल्हन की बड़ी बहन 35 वर्षीय सुधा पत्नी मंजीत निवासी गांव चंदऊआ थाना कमालगंज जनपद फर्रुखाबाद की मौत हो गई।
गांव चंदऊआ में सुधा की ससुराल है जबकि अपनी छोटी बहन ललिता का का रिश्ता भी अपनी ससुराल के निकटवर्ती गांव मेहरूपुर के युवक से तय कराया था। हमले में गोली लगने से मृतका के रिश्तेदार रावेंद्र और लाडी डंडों से किए गए हमले में सत्यदेव, श्यामपाल, कन्हई घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कालेज लाया गया है। उधर शादी रस्में पूरी नहीं हो पाईं। कन्यादान के बाद अन्य कार्यक्रम रुके हुए हैं। दुल्हन की विदाई अभी नहीं हुई है।
हमले के दौरान बरातियों को भी पीटा गया। एसएसपी उदयशंकर सिंह घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि लड़की पक्ष और बरातियों का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ है। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपितों के ठिकानों पर दविश दी जा रही है, एक भी आरोपित कार्रवाई से नहीं बच पाएगा। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
a